छत्तीसगढ़ में श्रम विभाग के तहत पंजीकृत श्रमिकों को अपने श्रमिक कार्ड की जानकारी आधार कार्ड से मिलाने की सलाह दी गई है. नाम, पता या अन्य विवरण में अंतर होने पर योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी आ सकती है.

विभागीय प्रक्रिया के तहत पंजीकृत श्रमिकों के रिकॉर्ड को आधार के विवरण के अनुरूप अपडेट किया जा रहा है. जिन श्रमिकों के कार्ड और आधार में जानकारी अलग है, वे नजदीकी चॉइस सेंटर, कॉमन सर्विस सेंटर या विलेज लेवल एंटरप्रेन्योर के माध्यम से आधार आधारित ई-केवाईसी और संशोधन करा सकते हैं.

श्रम विभाग की वेबसाइट पर श्रमिक पंजीयन, नवीनीकरण, प्रोफाइल और विभिन्न योजनाओं की पात्रता से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध हैं. विभागीय पोर्टल पर मुख्यमंत्री श्रमिक सहायता केंद्र का हेल्पलाइन नंबर 0771-3505050 भी दिया गया है.

श्रमिक कल्याण योजनाओं के लिए आधार प्रमाणीकरण की व्यवस्था पहले से लागू है. इसलिए पंजीकृत श्रमिकों को अपने कार्ड में दर्ज नाम, पता और अन्य जरूरी विवरण की जांच कराकर रिकॉर्ड समय पर अपडेट रखने की अपील की गई है.