छत्तीसगढ़ में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद जारी अंतिम मतदाता सूची को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर ने निर्वाचन आयोग की प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने सूची में दर्ज कमी और 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा-कांग्रेस के मत अंतर की तुलना करते हुए पूरे मामले की समीक्षा की मांग की है.
अकबर के मुताबिक, 2023 के विधानसभा चुनाव में दोनों प्रमुख दलों के कुल मतों का अंतर 6 लाख 32 हजार 382 था. उन्होंने कहा कि SIR के बाद अंतिम मतदाता सूची में 24 लाख 99 हजार 823 मतदाताओं की कमी दर्ज हुई, जो चुनावी मत अंतर से करीब चार गुना है.
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अनुसार, SIR के बाद 21 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई. इसमें कुल 1 करोड़ 87 लाख 30 हजार 914 मतदाता दर्ज हैं. पुनरीक्षण के दौरान 19 लाख 13 हजार 540 मतदाता ऐसे पाए गए, जो दूसरे स्थान पर जा चुके थे या अपने पंजीकृत पते पर मौजूद नहीं थे.
इसके अलावा 6 लाख 42 हजार 234 मृत मतदाताओं के नाम और 1 लाख 79 हजार 43 ऐसे नाम मिले, जिनका पंजीयन एक से अधिक स्थानों पर था.
व्यक्तिगत समीक्षा की मांग
अकबर ने कहा कि रोजगार, शिक्षा या अन्य कारणों से कुछ मतदाता अपने पते पर नहीं मिले होंगे. इसलिए शिफ्टेड या अनुपस्थित श्रेणी में रखे गए 19 लाख से अधिक मतदाताओं के मामलों की व्यक्तिगत समीक्षा की जानी चाहिए.
उन्होंने यह भी कहा कि जिन पात्र नागरिकों को नाम हटाए जाने से पहले पर्याप्त अवसर नहीं मिला, उन्हें सुनवाई का मौका दिया जाए. निर्वाचन विभाग के अनुसार, SIR के तहत दावे-आपत्तियां 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक ली गई थीं और इनके निपटारे के बाद अंतिम सूची जारी की गई.
