छत्तीसगढ़ भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी बुधवार, 11 नवंबर को राज्य के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचेंगी. उपलब्ध कार्यक्रम के अनुसार वह दिल्ली से सीधे रायपुर एयरपोर्ट आएंगी और इसके बाद रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ के लिए रवाना होंगी.
धरमजयगढ़ में ईरानी 15 नवंबर को होने वाले जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करेंगी. वह आयोजन की तैयारियों को लेकर अधिकारियों और भाजपा नेताओं के साथ बैठक भी करेंगी. बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रस्तावित रायगढ़ दौरे और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाएगी. दौरा पूरा करने के बाद ईरानी देर रात दिल्ली लौटेंगी.
मुख्यमंत्री साय का भोपाल दौरा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 11 नवंबर को भोपाल में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे. उनके शाम 4:45 बजे रायपुर एयरपोर्ट लौटने का कार्यक्रम बताया गया है.
रायगढ़ में बुधवार सुबह 10 बजे संत प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय उत्तर छत्तीसगढ़ क्षेत्र जनजातीय लोकनृत्य महोत्सव और शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति आदिवासी लोककला महोत्सव आयोजित होगा. इसमें पारंपरिक जनजातीय कला, संस्कृति और लोकनृत्य की प्रस्तुतियां होंगी. कार्यक्रम में लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया और राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह के शामिल होने की जानकारी दी गई है.
तीन शहरों को मिलेगा स्वच्छता सम्मान
नई दिल्ली के विज्ञान भवन में रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को राष्ट्रीय स्वच्छता पुरस्कार दिए जाएंगे. समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पुरस्कार प्रदान करेंगी. उपमुख्यमंत्री अरुण साव, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और बिलासपुर सांसद तोखन साहू के भी शामिल होने की जानकारी है.
भाई दूज के कारण रायपुर, दुर्ग, सक्ती, बालोद और कोरबा जिलों में स्थानीय अवकाश रहेगा. जिला प्रशासन ने पहले घोषित अवकाश की तारीख में बदलाव किया है.
