रायपुर. छत्तीसगढ़ में स्पेशल एजुकेटर के 38 पदों पर सीधी भर्ती के लिए लोक शिक्षण संचालनालय ने संक्षिप्त विज्ञापन जारी किया है. इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया 20 नवंबर से शुरू होगी. इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 4 दिसंबर की शाम 5 बजे तक आवेदन जमा कर सकेंगे.
आवेदन निर्धारित प्रारूप में व्यक्तिगत रूप से या पंजीकृत डाक के माध्यम से जमा किए जा सकते हैं. आवेदन पत्र कार्यालयीन दिनों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे.
इन कार्यालयों में जमा होगा आवेदन
अभ्यर्थी अपना आवेदन कार्यालय संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग बस्तर, बिलासपुर, दुर्ग, रायपुर या सरगुजा में जमा कर सकते हैं. विभाग ने स्पष्ट किया है कि इन निर्धारित कार्यालयों के अलावा किसी अन्य कार्यालय में जमा किए गए आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा.
भर्ती के लिए विस्तृत विज्ञापन और आवेदन पत्र का प्रारूप लोक शिक्षण संचालनालय की विभागीय वेबसाइट eduportal.cg.nic.in पर उपलब्ध कराया गया है. शैक्षणिक योग्यता, अन्य पात्रता शर्तों और आवेदन से जुड़े निर्देशों की जानकारी अभ्यर्थियों को विस्तृत विज्ञापन में देखनी होगी.
एक आवेदन से सभी विज्ञापित पदों के लिए दावा
लोक शिक्षण संचालनालय के अनुसार अभ्यर्थियों को प्रत्येक जिले या संभाग में विज्ञापित पदों के लिए अलग-अलग आवेदन करने की जरूरत नहीं है. एक ही आवेदन पत्र सभी जिलों और संभागों में विज्ञापित रिक्तियों के लिए मान्य होगा.
विभाग ने कहा है कि 4 दिसंबर की शाम 5 बजे के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा. आवेदन अमान्य होने की स्थिति, मेरिट सूची, चयन प्रक्रिया और भर्ती से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं विभागीय वेबसाइट पर समय-समय पर जारी की जाएंगी.
