छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची से छूटे पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने के लिए विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान शुरू किया गया है. अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर वर्तमान मतदाता सूची का पुरानी प्री-एसआईआर सूची से मिलान और मतदाताओं का भौतिक सत्यापन करेंगे.

यदि किसी नागरिक का नाम पिछली सूची में दर्ज था, लेकिन वर्तमान सूची में नहीं है, तो बीएलओ उसके घर पहुंचकर स्थिति की पुष्टि करेंगे. पात्रता पूरी होने पर फॉर्म-6 के जरिए नाम जोड़ने की प्रक्रिया की जाएगी. प्रत्येक बीएलओ को हर सप्ताह 20 से 25 चिह्नित मतदाताओं के सत्यापन का लक्ष्य दिया गया है.

अभियान में पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है. शैक्षणिक संस्थानों में कक्षा 9वीं से 12वीं के विद्यार्थियों के लिए इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के माध्यम से जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं. 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र युवाओं को मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया समझाई जाएगी.

निर्वाचन पंजीकरण दल रैन बसेरों, श्रमिक बस्तियों और बेघर नागरिकों तक भी पहुंचेंगे. इसके अलावा मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां नागरिक पंजीकरण से जुड़ी सहायता ले सकते हैं.

ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन की प्रक्रिया

नागरिक Play Store से ECINet मोबाइल ऐप डाउनलोड कर या निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म-6 भर सकते हैं. ऑफलाइन आवेदन के लिए संबंधित मतदान केंद्र के बीएलओ से संपर्क कर फॉर्म-6 और जरूरी पहचान प्रपत्र जमा करने होंगे.

किसी समस्या या जानकारी के लिए निर्वाचन आयोग के टोल-फ्री नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है. ऐप में ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ सुविधा का उपयोग भी किया जा सकता है.