खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने प्रदेश में खेल गतिविधियों का दायरा बढ़ाने और अधिक खिलाड़ियों तक अवसर पहुंचाने की तैयारी शुरू की है. संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने गुरुवार को राज्य के 25 से अधिक खेल संघों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक में बस्तर, सरगुजा और दूरस्थ अनुसूचित क्षेत्रों सहित जिला स्तर पर खेल गतिविधियों को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा हुई.
वार्षिक कैलेंडर भेजना अनिवार्य
सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम के सभाकक्ष में हुई बैठक में सभी राज्य खेल संघों को अपना वार्षिक खेल कैलेंडर खेल संचालनालय को भेजने के निर्देश दिए गए. विभाग के अनुसार, इससे पूरे साल प्रस्तावित खेल गतिविधियों की जानकारी उपलब्ध रहेगी और उनके क्रियान्वयन की निगरानी की जा सकेगी.
बैठक में प्रदेश के सभी 33 जिलों में जिला स्तरीय खेल संघों के चरणबद्ध पंजीयन और विभागीय मान्यता की प्रक्रिया जल्द पूरी करने को भी कहा गया. विभाग का जोर जिला स्तर पर खेल गतिविधियां बढ़ाने और स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर रहेगा.
टॉप-100 एथलीट्स की जानकारी मांगी
अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों से संबंधित जारी टॉप-100 एथलीट्स सूची के संबंध में जो जानकारी अब तक विभाग को नहीं मिली है, उसे जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए. संघों से खिलाड़ियों से जुड़ी जानकारी समय पर साझा करने और विभाग के साथ समन्वय बेहतर रखने को कहा गया.
विभाग और खेल संघों के बीच नियमित समन्वय के लिए संयुक्त रिव्यू समिति गठित करने की घोषणा भी की गई. समिति खेल गतिविधियों की प्रगति, संघों की समस्याओं और योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करेगी.
खिलाड़ियों में डोपिंग को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए सेमिनार आयोजित किया जाएगा. खेल संस्थाओं के पंजीयन से जुड़े विषयों पर रजिस्ट्रार फर्म एवं सोसाइटी कार्यालय के साथ समन्वय बैठक भी होगी. बैठक में संयुक्त संचालक प्रभाकर पाण्डेय, उप संचालक (वित्त) रवि अग्रवाल, सहायक संचालक रुस्तम सारंग और खेल अधिकारी गिरीश शुक्ला सहित खेल संघों के पदाधिकारी मौजूद रहे.
