छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्यिक कर विभाग ने स्टेट GST में बड़े स्तर पर पदस्थापना बदलाव किए हैं. विभाग ने 8 अक्टूबर 2026 को पांच अलग-अलग आदेश जारी कर कुल 128 अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से अस्थायी रूप से नई जिम्मेदारी दी है. सभी संबंधित कर्मचारियों को आदेश में बताए गए नए पदस्थापना स्थल पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं.

इन तबादलों में 47 सहायक ग्रेड और अन्य कर्मचारी, 28 राज्य कर अधिकारी, 13 राज्य कर उपायुक्त, 30 राज्य कर निरीक्षक और 10 राज्य कर संयुक्त आयुक्त स्तर के अधिकारी शामिल हैं. आदेशों के अनुसार, कई स्थानांतरण प्रशासनिक आधार पर किए गए हैं. कुछ कर्मचारियों को स्वयं के व्यय पर नई जगह पदस्थ किया गया है.

अलग-अलग संवर्गों में पदस्थापना

पहले आदेश में राज्य कर कार्यालय के अंतर्गत कार्यरत 47 कर्मचारियों की नई पदस्थापना की गई है. इनमें सहायक ग्रेड-1, सहायक ग्रेड-2, सहायक ग्रेड-3, डाटा एंट्री ऑपरेटर, वाहन चालक, चौकीदार और भृत्य समेत अन्य कर्मचारी शामिल हैं. इन्हें रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, जगदलपुर, कोरबा, सरगुजा, महासमुंद, राजनांदगांव, कवर्धा और दंतेवाड़ा सहित विभिन्न संभागीय और वृत्त कार्यालयों में भेजा गया है.

दूसरे आदेश में 28 राज्य कर अधिकारियों को अलग-अलग संभाग और वृत्त कार्यालयों में पदस्थ किया गया है. तीसरे आदेश के तहत 13 राज्य कर उपायुक्तों के पदस्थापना स्थल बदले गए हैं. इनमें मुख्यालय नवा रायपुर के साथ रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और अंबिकापुर के पद शामिल हैं.

चौथे आदेश में 30 राज्य कर निरीक्षकों को रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, कोरबा, दंतेवाड़ा, जगदलपुर, राजनांदगांव और सरगुजा समेत विभिन्न वृत्त कार्यालयों में भेजा गया है. पांचवें आदेश में 10 संयुक्त आयुक्त स्तर के अधिकारियों को रायपुर, दुर्ग, जगदलपुर, बिलासपुर और अन्य स्थानों पर नई जिम्मेदारी दी गई है.

आदेश वाणिज्यिक कर विभाग के उप सचिव शिव कुमार सिंह के डिजिटल हस्ताक्षर से जारी किए गए हैं. आदेशों में संबंधित स्थानांतरण के लिए मुख्यमंत्री की अनुमति प्राप्त होने का उल्लेख है.