छत्तीसगढ़ के शक्कर कारखानों में गन्ने की खरीदी अब 425 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गन्ना किसानों के हित में यह निर्णय लिया है. सरकार के अनुसार, पेराई सत्र 2025-26 में पहले की गई गन्ना खरीदी का भुगतान भी बढ़ी हुई दर के आधार पर किया जाएगा.
मुख्यमंत्री साय से भारतीय किसान संघ छत्तीसगढ़ प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की थी. बैठक में प्रदेश के किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई. इसी दौरान गन्ना उत्पादक किसानों से संबंधित विषय प्रमुखता से उठाया गया, जिसके बाद शक्कर कारखानों के लिए खरीदी दर 425 रुपये प्रति क्विंटल तय करने की बात सामने आई.
किसानों को बेहतर मूल्य देने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की खुशहाली छत्तीसगढ़ के विकास का आधार है. सरकार का लक्ष्य किसानों को उनकी मेहनत का बेहतर प्रतिफल दिलाना, कृषि लागत कम करना और खेती को अधिक लाभकारी बनाना है. उन्होंने कहा कि किसानों की आवश्यकताओं और समस्याओं को ध्यान में रखकर प्राथमिकता के आधार पर निर्णय लिए जा रहे हैं.
साय ने कृषि को ग्रामीण अर्थव्यवस्था और गांवों की समृद्धि का महत्वपूर्ण आधार बताया. उनके अनुसार, किसानों को उपज का उचित मूल्य मिलने से खेती सम्मानजनक और लाभकारी आजीविका का माध्यम बन सकती है.
भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल ने निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया. संगठन ने कहा कि बढ़ी हुई दर से प्रदेश के गन्ना उत्पादक किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिल सकेगा. प्रतिनिधिमंडल में संगठन मंत्री मनीष शर्मा, महामंत्री नवीन शेष समेत अन्य पदाधिकारी और सदस्य शामिल थे. बैठक में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा भी मौजूद रहे.
