छत्तीसगढ़ सरकार ने शक्कर कारखानों में गन्ने की खरीद दर 70 रुपये बढ़ाकर 425 रुपये प्रति क्विंटल करने का निर्णय लिया है. इससे पहले किसानों को गन्ने के लिए 355 रुपये प्रति क्विंटल का भुगतान किया जाता था.
सरकार के अनुसार, पेराई सत्र 2025-26 में खरीदे गए गन्ने का भुगतान भी नई बढ़ी हुई दर के आधार पर किया जाएगा. इस फैसले के बाद छत्तीसगढ़ में गन्ने का भाव पंजाब के बाद देश में दूसरा सर्वाधिक बताया गया है. पंजाब में गन्ने की दर 485 रुपये प्रति क्विंटल है.
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, हरियाणा में गन्ने का भाव 415 रुपये, उत्तराखंड में 405 रुपये, उत्तर प्रदेश में 400 रुपये और मध्य प्रदेश में लगभग 350 रुपये प्रति क्विंटल है.
यह निर्णय भारतीय किसान संघ, छत्तीसगढ़ प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल के साथ सरकार की चर्चा के बाद लिया गया. प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात की थी. बैठक में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा भी मौजूद रहे.
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि किसानों की खुशहाली समृद्ध छत्तीसगढ़ का आधार है और सरकार खेती को लाभकारी बनाने तथा किसानों को उनकी मेहनत का बेहतर प्रतिफल दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है.
भारतीय किसान संघ के प्रदेश अध्यक्ष माधो सिंह ठाकुर ने फैसले के लिए सरकार का आभार जताया. उन्होंने धान किसानों के लगभग 1,700 करोड़ रुपये के बकाया बोनस पर भी जल्द निर्णय लेने की मांग की.
