छत्तीसगढ़ में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सूरजपुर और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों में कुल 341.4 किलो गांजा जब्त किया है. पुलिस के अनुसार, तस्करों ने गांजे को प्लास्टिक दाने की बोरियों, कारों और लोहे की अलमारी में छिपाया था. इन मामलों में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कुछ की तलाश जारी है.
सूरजपुर में ट्रक पलटने के बाद खुलासा
30 सितंबर को अंबिकापुर-बनारस स्टेट हाईवे पर घाट पेंडारी के मुख्य घाट में ट्रक क्रमांक UP 13 T 5497 पलट गया. ट्रक में प्लास्टिक दाना लदा था. पुलिस के मुताबिक, ड्राइवर ने कुछ बोरियों को अलग रखकर तिरपाल से ढक दिया था. संदिग्ध गतिविधि देखकर लोगों ने चंदौरा पुलिस को सूचना दी.
पुलिस टीम ने मौके के आसपास तलाशी ली तो नौ बोरियों से 238 किलो 290 ग्राम गांजा बरामद हुआ. इसकी कीमत करीब 1 करोड़ 19 लाख रुपए बताई गई है. पुलिस ने ट्रक चालक सुनील कुमार (32) को गिरफ्तार किया है. वह उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ का रहने वाला बताया गया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी गांजा ओडिशा से लखनऊ ले जा रहे थे. मामले में उसके साथी और अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है.
सारंगढ़-बिलाईगढ़ में दो मामलों में कार्रवाई
भटगांव थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान एक ऑल्टो चालक पुलिस को देखकर कार छोड़कर फरार हो गया. इसके पीछे आ रही दूसरी कार ने पुलिस का स्टॉपर तोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन उसे गिरवानी पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर रोक लिया गया. इस कार के पीछे ‘एडवोकेट हाईकोर्ट’ लिखा था. दोनों वाहनों से चार बोरियों में 63.350 किलो गांजा बरामद हुआ.
पुलिस ने सुनील बेलदार, अरविंद कुमार ठाकुर, सुरेंद्र यादव, सागर सिंह और मेहताब अहमद को गिरफ्तार किया है. एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है, जबकि एक आरोपी फरार बताया गया है. दोनों कारों, सात मोबाइल फोन और अन्य सामान समेत 44.55 लाख रुपए की जब्ती बताई गई है.
बेलादुला चौकी क्षेत्र में पुलिस और एएनटीएफ ने तेंदूदरहा के पास एक आयशर वाहन को रोका. वाहन में रखी लोहे की अलमारी से भूरे टेप में लिपटे 35 पैकेट मिले, जिनमें 39.76 किलो गांजा था. पुलिस के अनुसार, इसे ओडिशा के बलांगीर से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था. इस मामले में जौनपुर निवासी अनुज कुमार गौतम और टिंकू वर्मा को गिरफ्तार किया गया.
सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस ने दोनों मामलों में NDPS एक्ट और BNS के तहत कार्रवाई की है. सभी गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
