छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट स्कूलों में 1,812 संविदा पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया गया है. लोक शिक्षण संचालनालय की ओर से जारी इस भर्ती में शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक संवर्ग के पद शामिल हैं. अभ्यर्थी शिक्षा विभाग के आधिकारिक पोर्टल eduportal.cg.nic.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.

यह भर्ती पहले शुरू की गई जिला स्तर की प्रक्रिया से अलग केंद्रीकृत व्यवस्था के तहत होगी. जिला स्तर पर शुरू हुई पिछली भर्ती को 30 मई को निरस्त कर दिया गया था. इसके करीब चार महीने बाद नई केंद्रीकृत भर्ती का आदेश जारी किया गया है.

किन पदों पर होगी नियुक्ति

भर्ती में व्याख्याता के 518 पद हैं. इनमें वाणिज्य के 104, अंग्रेजी के 65, भौतिकी के 53, सामाजिक विज्ञान के 52, हिंदी के 51, गणित के 49, संस्कृत के 47, रसायन शास्त्र के 44 और जीव विज्ञान के 39 पद शामिल हैं.

सहायक शिक्षक के 590 पद रखे गए हैं. इसके अलावा प्राथमिक प्रधानपाठक के 27, पूर्व माध्यमिक प्रधानपाठक के 24, प्रयोगशाला सहायक के 170, ग्रंथपाल के 60, व्यायाम शिक्षक के 50 और कंप्यूटर शिक्षक के 40 पदों पर नियुक्ति होगी. शिक्षक संवर्ग में अंग्रेजी, कला, गणित, विज्ञान और हिंदी या संस्कृत विषयों के पद भी शामिल हैं.

दुर्ग में सबसे अधिक रिक्तियां

जिलावार विवरण के अनुसार दुर्ग में सबसे अधिक 229 पद हैं. रायपुर में 141, बेमेतरा में 103, बिलासपुर में 97, कोरबा में 87, कांकेर में 85 और मुंगेली में 82 पद निर्धारित किए गए हैं. सक्ती में 73 और सरगुजा में 72 पद हैं. बलौदाबाजार तथा बीजापुर में 61-61 पद रखे गए हैं. सुकमा में नौ और कोरिया में आठ पद हैं.

आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को पदवार शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण और मानदेय से जुड़ी सभी शर्तें आधिकारिक विज्ञापन में जांचने की सलाह दी गई है.