रायपुर: छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में 1812 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी. लोक शिक्षण संचालनालय ने इसके लिए संक्षिप्त विज्ञापन जारी किया है. योग्य उम्मीदवारों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे.
यह भर्ती संविदा आधार पर होगी. प्रक्रिया संबंधित जिले में गठित प्रबंधन एवं संचालन समिति के माध्यम से पूरी की जाएगी. भर्ती में व्याख्याता, शिक्षक, प्रधानपाठक, सहायक शिक्षक समेत कई पद शामिल हैं.
सितंबर में जारी होगा आवेदन लिंक
विभाग के अनुसार ऑनलाइन आवेदन लिंक सितंबर 2026 में स्कूल शिक्षा विभाग की वेबसाइट पर जारी किया जाएगा. लिखित भर्ती परीक्षा अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में आयोजित किए जाने का प्रस्ताव है. परीक्षा कंप्यूटर आधारित होगी और इसका माध्यम अंग्रेजी रहेगा.
शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आवेदन संबंधी निर्देश, परीक्षा योजना, पाठ्यक्रम और पदों के आरक्षण से जुड़ी विस्तृत जानकारी ऑनलाइन भर्ती विज्ञापन जारी होने के बाद उपलब्ध कराई जाएगी.
किस पद पर कितनी रिक्तियां
जारी विज्ञापन के मुताबिक व्याख्याता के हिंदी में 51, अंग्रेजी में 65, संस्कृत में 47, भूगोल-अर्थशास्त्र में 5, इतिहास-राजनीति में 6, सामाजिक विज्ञान में 52, गणित में 49, जीव विज्ञान में 39, वाणिज्य में 104, रसायन में 44 और भौतिकी में 53 पद हैं.
प्रधानपाठक के प्राथमिक शाला में 27 और पूर्व माध्यमिक शाला में 24 पद हैं. सहायक शिक्षक के 590 पद प्रस्तावित हैं. इसके अलावा शिक्षक हिंदी-संस्कृत के 34, अंग्रेजी के 106, कला के 72, विज्ञान के 56 और गणित के 68 पद शामिल हैं.
व्यायाम शिक्षक के 50, ग्रंथपाल के 60, कंप्यूटर शिक्षक के 40 और प्रयोगशाला सहायक के 170 पदों पर भी भर्ती होगी.
विभाग ने स्पष्ट किया है कि रिक्त पदों की संख्या परिवर्तनशील है. अभ्यर्थियों को भर्ती से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट eduportal.cg.nic.in देखते रहने की सलाह दी गई है.
