छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू के मामलों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. स्वास्थ्य विभाग के 12 सितंबर के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में इस साल अब तक संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 416 हो गई है. इनमें 134 मामले सक्रिय हैं.

पिछले 24 घंटे में नौ नए मरीज मिले. गरियाबंद और रायगढ़ में तीन-तीन नए संक्रमितों की पहचान हुई, जबकि दुर्ग, कोरबा और कोरिया में एक-एक मामला सामने आया. रायपुर, बिलासपुर और अन्य जिलों में इस अवधि में नए मामले दर्ज नहीं हुए.

सक्रिय मरीजों में 90 अस्पतालों में भर्ती हैं और 44 मरीजों का घर पर इलाज चल रहा है. राज्य सर्विलेंस इकाई-आईडीएसपी के आंकड़ों के मुताबिक, रायपुर जिले में अब तक सबसे ज्यादा 176 मरीज मिले हैं. इसके बाद दुर्ग में 49, बिलासपुर में 42, कोरबा में 24, रायगढ़ में 18, महासमुंद में 17 और राजनांदगांव में 11 मामले सामने आए हैं. दूसरे राज्यों के 12 मरीज भी राज्य के कुल आंकड़ों में शामिल हैं.

स्वास्थ्य विभाग की सलाह

स्वास्थ्य विभाग ने मौसम में बदलाव के बीच सर्दी, खांसी और तेज बुखार जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी है. ऐसे लक्षण होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने को कहा गया है.