छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने वर्ष 2025 में हुई शिक्षक पदोन्नति की विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) में ई-कैडर के पात्र शिक्षकों को शामिल नहीं किए जाने और 50 प्रतिशत निर्धारित अनुपात का पालन नहीं होने पर राज्य सरकार से जवाब मांगा है. मामला ब्रजेश मिश्रा सहित कई शिक्षकों की याचिकाओं से जुड़ा है.

21 सितंबर 2026 को हुई सुनवाई में जस्टिस बिभु दत्ता गुरु ने राज्य के अधिवक्ता को सरकार से जानकारी लेकर अगली सुनवाई में स्थिति स्पष्ट करने का निर्देश दिया. कोर्ट ने विशेष रूप से पूछा कि 2025 की डीपीसी में केवल शिक्षक (एलबी कैडर) के मामलों पर ही विचार क्यों किया गया, जबकि शिक्षक (ई-कैडर) भी 1 जनवरी 2025 से पदोन्नति के लिए पात्र थे.

ई-कैडर शिक्षकों को प्रक्रिया में शामिल नहीं करने का मुद्दा

याचिकाकर्ताओं के अनुसार, पदोन्नति प्रक्रिया में पात्र शिक्षकों के कैडर से जुड़े नियमों का पालन नहीं किया गया. सुनवाई के दौरान यह मुद्दा सामने आया कि डीपीसी में एलबी कैडर के शिक्षकों के मामलों पर विचार हुआ, लेकिन पात्र ई-कैडर शिक्षकों को प्रक्रिया से बाहर रखा गया. कोर्ट ने राज्य से यह भी बताने को कहा है कि निर्धारित 50 प्रतिशत अनुपात क्यों नहीं अपनाया गया.

इन मामलों से संबंधित कई याचिकाएं एक साथ सुनवाई के लिए लगी हैं. राज्य की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता वाईएस ठाकुर ने पक्ष रखा. अन्य पक्षकारों और हस्तक्षेपकर्ताओं की ओर से भी अधिवक्ता उपस्थित रहे.

हाई कोर्ट ने पहले से दी गई अंतरिम राहत को अगली सुनवाई तक जारी रखा है. मुख्य याचिकाओं पर सुनवाई दो सप्ताह बाद वाले सप्ताह में होने की बात कही गई है.

सुनवाई के दौरान तीन याचिकाओं को मुख्य समूह से अलग कर दिया गया, क्योंकि उनके वकीलों ने मुद्दे अलग होने की बात कही थी. राज्य ने इन मामलों में पहले दिए गए निर्णयों से जुड़े आदेश पेश करने के लिए समय मांगा. इन तीन याचिकाओं को 23 सितंबर 2026 को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया गया है.