छत्तीसगढ़ के स्कूलों में सहायक शिक्षक, शिक्षक और व्याख्याता के 5,000 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा 29 नवंबर से शुरू होगी. चरणबद्ध तरीके से चलने वाली यह परीक्षा प्रक्रिया 20 दिसंबर तक जारी रहेगी. भर्ती परीक्षा का आयोजन छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल कर रहा है.

पहले दिन व्याख्याता पदों की परीक्षा

29 नवंबर को 854 व्याख्याता पदों के लिए परीक्षा होगी. परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित की जाएगी. इसमें हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, भौतिकी, राजनीति शास्त्र, इतिहास, भूगोल और अर्थशास्त्र विषयों के अभ्यर्थी शामिल होंगे.

विषयवार पदों में हिंदी, अंग्रेजी और संस्कृत के 120-120 पद हैं. राजनीति शास्त्र, इतिहास, भूगोल और अर्थशास्त्र में 100-100 पद निर्धारित किए गए हैं. भौतिकी विषय में 94 पद हैं.

बस्तर में 15 परीक्षा केंद्र

बस्तर जिले में परीक्षा के लिए 15 केंद्र बनाए गए हैं. इनमें काकतीय पीजी कॉलेज, इंजीनियरिंग महाविद्यालय, दंतेश्वरी महिला महाविद्यालय, महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल, बहुउद्देशीय स्कूल, सेजेस कन्या स्कूल-2, स्वामी आत्मानंद स्कूल धरमपुरा और रेलवे कॉलोनी सहित अन्य केंद्र शामिल हैं.

अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से दो से ढाई घंटे पहले केंद्र पहुंचने के निर्देश हैं. मुख्य प्रवेश द्वार पर मेटल डिटेक्टर से जांच होगी और प्रवेश पत्र के साथ मूल पहचान पत्र का सत्यापन किया जाएगा. केंद्र का मुख्य द्वार सुबह 9:30 बजे बंद कर दिया जाएगा. इसके बाद प्रवेश नहीं मिलेगा.

ड्रेस कोड और प्रतिबंधित सामान

अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े और चप्पल पहनकर आने को कहा गया है. गहरे रंग के कपड़े, आभूषण, घड़ी, मोबाइल फोन, बेल्ट, जूते, टोपी, चश्मा और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र में ले जाना प्रतिबंधित रहेगा.

दिसंबर में सहायक शिक्षक के 2,292 और शिक्षक के 1,654 पदों के लिए परीक्षाएं होंगी. शिक्षक पदों में हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, गणित, सामाजिक विज्ञान और कृषि विषय शामिल हैं. सहायक शिक्षक के पदों में 200 पद विज्ञान विषय के हैं.