छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में पदस्थ शिक्षकों और कर्मचारियों के सेवा रिकॉर्ड को अब तय समय-सीमा के भीतर अपडेट करना होगा. लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देश के अनुसार, किसी कर्मचारी का स्थानांतरण, सेवानिवृत्ति, मृत्यु, निलंबन या बहाली होने पर उसकी प्रोफाइल में अधिकतम पांच दिनों के भीतर बदलाव दर्ज करना अनिवार्य है.

यह अपडेट केवल एक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर करना पर्याप्त नहीं होगा. संबंधित अधिकारियों को कर्मचारी की जानकारी सीजी स्कूल डॉट इन पोर्टल, वीएसके ऐप और आधार बायोमीट्रिक अटेंडेंस ऐप—तीनों पर अपडेट करनी होगी. संस्था, पदस्थापना और कर्मचारी की कार्यरत स्थिति में बदलाव होने पर सभी प्लेटफॉर्म पर रिकॉर्ड एक जैसा रखने के निर्देश दिए गए हैं.

कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र भी जरूरी

विभागीय निर्देश के मुताबिक, प्रोफाइल और सेवा विवरण अपडेट करने के बाद संबंधित अधिकारी को कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र भी विभाग को भेजना होगा. यह प्रमाण पत्र पांच दिनों के भीतर भेजना होगा, ताकि रिकॉर्ड में बदलाव दर्ज होने और प्रक्रिया पूरी होने की पुष्टि हो सके.

शिक्षा विभाग के डिजिटल रिकॉर्ड का इस्तेमाल कर्मचारियों के सत्यापन, विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक रिकॉर्ड तैयार करने में किया जाता है. ऐसे में स्थानांतरण या सेवानिवृत्ति के बाद पुरानी संस्था में नाम दर्ज रहने अथवा कार्यरत स्थिति गलत बने रहने से विभागीय काम प्रभावित हो सकता है.

जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास सिंह बघेल के अनुसार, वीएसके ऐप में लगातार अपडेट किया जा रहा है और पुराने डेटा को हटाया जा रहा है. अब संबंधित कर्मचारियों की जानकारी विभागीय पोर्टल और ऑनलाइन उपस्थिति से जुड़े ऐप पर भी अपडेट करनी होगी.