रायपुर. छत्तीसगढ़ में धान खरीदी शुरू होने से पहले किसानों के सामने आ रही तकनीकी और प्रशासनिक समस्याओं को लेकर प्रदेशभर के तहसीलदार और नायब तहसीलदार 13 नवंबर को एक दिवसीय सामूहिक अवकाश पर रहेंगे. यह निर्णय छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ ने लिया है. इस दौरान राजस्व अधिकारी संभागीय मुख्यालयों में एकत्रित होकर मुख्यमंत्री के नाम संभागायुक्त और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे.

संघ के प्रदेश अध्यक्ष पेखन टोण्ड्रे के अनुसार, डिजिटल क्रॉप सर्वे (DCS), पीवी ऐप, एग्रीस्टैक फार्मर रजिस्ट्री, धान रकबा सत्यापन और किसान पंजीयन से जुड़े मामलों में तकनीकी एवं प्रशासनिक अड़चनें हैं. संघ का दावा है कि पोर्टल की खामियों, संशोधन की सीमित सुविधा और पटवारियों की हड़ताल के कारण कई प्रकरणों का स्थानीय स्तर पर समाधान नहीं हो पा रहा है.

धान रकबे में 2.51 लाख हेक्टेयर से अधिक का अंतर

संघ द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश के 33 जिलों में धान के रकबे में करीब 7.61 प्रतिशत का प्रारंभिक अंतर सामने आया है. यह अंतर 2,51,799.33 हेक्टेयर बताया गया है. संघ ने कहा है कि वास्तविक रूप से बोए गए धान के रकबे और डिजिटल पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों में भिन्नता रहने से किसानों के पंजीयन और धान बेचने की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है.

संघ ने इस अंतर की विस्तृत जांच और वास्तविक स्थिति के आधार पर रिकॉर्ड में संशोधन की मांग की है. उसका कहना है कि गलत या अधूरे रिकॉर्ड के कारण कोई किसान धान बेचने से वंचित न हो, इसके लिए खरीदी से पहले लंबित मामलों का निराकरण जरूरी है.

14 मांगों में पोर्टल सुधार और वैकल्पिक व्यवस्था शामिल

राजस्व अधिकारियों ने DCS में गलत फसल और रकबे को तहसील स्तर पर संशोधित करने का विकल्प देने की मांग की है. पीवी ऐप में सर्वे रिजेक्शन, बार-बार दोबारा सर्वे और अन्य तकनीकी दिक्कतें दूर करने की मांग भी रखी गई है.

एग्रीस्टैक फार्मर रजिस्ट्री में लंबित किसान पंजीयन, सत्यापन और अनुमोदन के मामलों का जल्द निपटारा तथा अलग-अलग पोर्टलों के बीच डेटा समन्वय सुनिश्चित करने को कहा गया है. ‘Unable to Survey’ खसरों के लिए वैकल्पिक प्रक्रिया बनाने और ऐसे मामलों में बार-बार सर्वे कराने के निर्देशों से राहत देने की मांग भी शामिल है.

संघ ने सर्वेयरों के लंबित भुगतान, सर्वर और डेटा अपलोड से जुड़ी समस्याओं के समाधान तथा पटवारियों की हड़ताल से प्रभावित कार्यों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की है. तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों को तकनीकी संशोधन के अधिकार, पर्याप्त संसाधन और स्पष्ट जवाबदेही व्यवस्था देने की बात भी ज्ञापन में रखी जाएगी.

संघ के मुताबिक, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और जनदर्शन से मिली शिकायतों के समाधान के लिए भी स्पष्ट प्रक्रिया जरूरी है. संगठन ने बताया कि वह 28 सितंबर, 23 अक्टूबर और 5 नवंबर को शासन के अलग-अलग अधिकारियों को पत्र भेज चुका है. 12 नवंबर को भी प्रस्तावित सामूहिक अवकाश की जानकारी दी गई है.

संघ ने स्पष्ट किया है कि यह कदम व्यक्तिगत या सेवागत मांगों के लिए नहीं, बल्कि किसानों की समस्याओं पर शासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए उठाया जा रहा है.