छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों के दौरान रात के तापमान में 1 से 3 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, इससे प्रदेश में रात और सुबह के समय ठंड बढ़ेगी. इसके बाद न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव का अनुमान नहीं है.

शनिवार को रायपुर और माना में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अंबिकापुर में रात का तापमान सबसे कम 12.1 डिग्री रहा. रायपुर में अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री दर्ज हुआ. अधिकतम तापमान सामान्य से 0.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री ज्यादा रहा.

मौसम विभाग ने 8 नवंबर को रायपुर में आसमान साफ रहने का अनुमान जताया है. शहर में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री के आसपास रह सकता है.

इन शहरों में इतना रहा न्यूनतम तापमान

अंबिकापुर के अलावा दुर्ग में 15.8 डिग्री, पेंड्रारोड में 14.8 डिग्री, बिलासपुर में 16.8 डिग्री, माना में 17.2 डिग्री और जगदलपुर में 19.3 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया.

1 से 7 नवंबर के बीच अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 18.3 से घटकर 12.1 डिग्री पर आ गया. इस तरह यहां एक सप्ताह में 6.2 डिग्री की सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई. इसी अवधि में बिलासपुर में 3.6 डिग्री, माना में 3.2 डिग्री, जगदलपुर में 2.9 डिग्री, दुर्ग में 2.8 डिग्री और रायपुर में 2.1 डिग्री की कमी आई.