छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET)-2022 में 89.907 अंक पाने वाली अभ्यर्थी को 90 अंक मानकर उत्तीर्ण घोषित करने से इनकार कर दिया है. अदालत ने अभ्यर्थी की याचिका खारिज करते हुए कहा कि परीक्षा के नियमों में राउंड ऑफ का प्रावधान नहीं होने पर दशमलव वाले अंक बढ़ाकर पात्रता नहीं दी जा सकती.

मुंगेली जिले के सेमरसाल की रहने वाली गरिमा पांडेय ने TET-2022 में हिस्सा लिया था. सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक जरूरी थे. 150 अंकों की परीक्षा में पास होने के लिए 90 अंक निर्धारित थे, जबकि गरिमा को 89.907 अंक मिले. उन्होंने इस अंक को राउंड ऑफ कर 90 मानने और परीक्षा में उत्तीर्ण घोषित करने की मांग की थी.

प्रश्न के उत्तर पर भी जताई थी आपत्ति

याचिका में प्रश्न क्रमांक 145 के उत्तर को लेकर भी आपत्ति उठाई गई थी. सवाल दुनिया के पहले व्यावसायिक कंप्यूटर से संबंधित था और इसमें मैनियाक, एनिएक, यूनिवैक तथा एडसैक विकल्प दिए गए थे. याचिकाकर्ता के अनुसार, शुरुआती मॉडल आंसर में यूनिवैक को सही माना गया था, लेकिन अंतिम मॉडल आंसर में एनिएक को सही उत्तर घोषित किया गया. उनका कहना था कि यूनिवैक को सही मानकर उन्हें एक अंक दिया जाए और परिणाम दोबारा जारी किया जाए.

हाईकोर्ट ने कहा कि परीक्षा के प्रश्नों के सही उत्तर तय करना विशेषज्ञों का काम है. अदालत विशेषज्ञों के निर्णय की जगह अपना उत्तर निर्धारित नहीं कर सकती. मॉडल आंसर में हस्तक्षेप तभी किया जा सकता है, जब उसमें स्पष्ट गलती साबित हो. किसी अन्य किताब या शैक्षणिक स्रोत में अलग जानकारी होना अकेले अंतिम उत्तर को गलत साबित नहीं करता.

अदालत ने यह भी माना कि प्रतियोगी परीक्षाओं में एक अंक का अंतर अभ्यर्थियों की मेरिट को प्रभावित कर सकता है. इसलिए किसी एक उम्मीदवार को राउंड ऑफ का लाभ देने से अन्य अभ्यर्थियों की स्थिति पर असर पड़ सकता है.