छत्तीसगढ़ में टीईटी अधिसूचना जारी होने से पहले नियुक्त शिक्षकों को शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की अनिवार्यता से छूट देने की मांग तेज हो गई है. टीईटी मुक्ति मोर्चा ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को ज्ञापन भेजकर इस मुद्दे को संसद में उठाने और राहत के लिए अध्यादेश लाने की पहल करने की अपील की है.

यह ज्ञापन पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के माध्यम से सौंपा गया. मोर्चा के राष्ट्रीय संयोजक सत्य नारायण जायसवाल और सह संयोजक पीयूष गुप्ता ने ज्ञापन में शिक्षकों की नियुक्ति और बाद में लागू की गई पात्रता शर्तों से जुड़ी आपत्तियां रखीं.

पुरानी नियुक्तियों पर नई शर्त का विरोध

ज्ञापन के अनुसार, देशभर में बड़ी संख्या में शिक्षकों की नियुक्तियां शिक्षा का अधिकार (आरटीई) कानून लागू होने और राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) की टीईटी अधिसूचना जारी होने से पहले हुई थीं. मोर्चे का कहना है कि इन शिक्षकों की नियुक्ति उस समय लागू भर्ती नियमों और निर्धारित योग्यताओं के आधार पर की गई थी.

ज्ञापन में कहा गया है कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2009 में आरटीई लागू किया था, जबकि एनसीटीई ने वर्ष 2010 में राजपत्र अधिसूचना के जरिये कक्षा पहली से आठवीं तक पढ़ाने वाले शिक्षकों के लिए टीईटी अनिवार्य की. मोर्चे ने दावा किया कि अधिसूचना से पहले नियुक्त शिक्षकों को इस शर्त से छूट का प्रावधान था.

ज्ञापन में 17 अक्तूबर 2017 के मानव संसाधन विकास मंत्रालय के संशोधन और सुप्रीम कोर्ट के अंजुमन इशात-ए-तलीम ट्रस्ट बनाम महाराष्ट्र राज्य मामले का भी उल्लेख किया गया है. इसके अनुसार शिक्षकों के लिए 31 अगस्त 2028 तक टीईटी उत्तीर्ण करने की समयसीमा बताई गई है.

मोर्चे ने कहा कि पुरानी भर्ती के शिक्षकों पर नई अर्हता लागू होने से उन्हें आर्थिक कठिनाइयों, बैंक ऋण, गंभीर बीमारियों और मानसिक तनाव का सामना करना पड़ रहा है. ज्ञापन में देशभर के करीब 25 लाख शिक्षकों के मानसिक अवसाद से प्रभावित होने का दावा भी किया गया है. इसकी प्रतिलिपि भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को भी दी गई है.