छत्तीसगढ़ में पांच दिनों के भीतर तीन हाथियों की मौत का मामला सामने आया है. सरगुजा के उदयपुर वन परिक्षेत्र में फसल बचाने के लिए लगाए गए बिजली वाले तार की चपेट में आने से हाथी के शावक की मौत हुई. रायगढ़ के तमनार रेंज में एक नवजात शावक का शव तालाब से बरामद किया गया, जबकि जशपुर के दुलदुला वन परिक्षेत्र में करंट प्रवाहित तार से एक नर हाथी की मौत की जांच चल रही है.
सरगुजा में तार की चपेट में आया शावक
उदयपुर वन परिक्षेत्र के अलकापुरी जंगल में हाथियों का दल पिछले कुछ दिनों से घूम रहा था. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, खेतों के आसपास एक किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में झटका देने वाला तार लगाया गया था. बुधवार रात करीब 10 बजे एक शावक इसकी चपेट में आ गया. तार उसकी सूंड और पैर में फंस गया और करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में करीब 27 हाथियों का दल मौजूद है. विभाग अवैध हुकिंग और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की जांच कर रहा है. स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि तार में झटका मशीन के बजाय सीधे बिजली का करंट प्रवाहित किया गया हो सकता है. घटना के बाद हाथियों का दल रातभर मौके के आसपास घूमता और चिंघाड़ता रहा. शावक के पोस्टमॉर्टम के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा.
रायगढ़ में तालाब में मिला शावक का शव
तमनार रेंज के सामारूमा क्षेत्र में करीब 50 हाथियों का दल विचरण कर रहा था. मंगलवार देर रात झुंड छैडोरिया क्षेत्र के एक तालाब में पानी पीने या नहाने उतरा. इसी दौरान करीब तीन-चार दिन का बताया जा रहा शावक पानी में डूब गया. वन विभाग की टीम ने बुधवार को शव बाहर निकलवाया. अधिकारियों के मुताबिक, मौत की अंतिम वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी.
जशपुर में छह गिरफ्तार
दुलदुला वन परिक्षेत्र के ढोढ़ीआरा गांव के नोनपानी जंगल में 24 सितंबर की सुबह नर हाथी का शव मिला था. वन विभाग की जांच में जंगल और खेत की सीमा पर करीब 1.5 किलोमीटर तक करंट वाले तार बिछे मिले. विभाग ने आशंका जताई कि इनका इस्तेमाल जंगली सूअर या अन्य वन्यजीवों के शिकार के लिए किया गया था.
जांच के दौरान तीन मकानों की तलाशी में बिजली के तार, अन्य सामग्री, मोर के पंख और शिकार में इस्तेमाल होने वाला फंदा बरामद होने की जानकारी दी गई. विभाग के अनुसार, पूछताछ में 11 लोगों के शामिल होने की बात सामने आई. अब तक छह लोगों—समीर टोप्पो, अगसतुस एक्का, रूपेश एक्का, दिनेश राम, सलिंद्र राम और तरसियुस राम—को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है. पांच अन्य की तलाश जारी है.
