छत्तीसगढ़ के चारों टाइगर रिजर्व के कोर एरिया को साइलेंट जोन घोषित करने की तैयारी है. वन विभाग ने सर्वे के बाद प्रस्ताव पर्यावरण विभाग को भेजा है. प्रस्ताव लागू होने पर जंगल के भीतर बसे गांवों में शादी-ब्याह, धार्मिक कार्यक्रम और दूसरे उत्सवों के दौरान होने वाले शोर पर नियंत्रण रहेगा.
शहनाई, डीजे, ढोल-ताशे, लाउडस्पीकर, आतिशबाजी और वाहनों के हॉर्न के इस्तेमाल पर कानूनी पाबंदियां लागू होंगी. सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना लाउडस्पीकर बजाने की अनुमति नहीं होगी. साइलेंट जोन के लिए तय मानकों के मुताबिक दिन में 50 और रात में 40 डेसीबल से अधिक शोर नहीं होना चाहिए.
गांवों में प्रशासन करेगा जागरूकता बैठकें
प्रस्ताव के अनुसार पर्यावरण विभाग रिपोर्ट को संबंधित जिलों के कलेक्टरों को भेजेगा. इसके बाद प्रशासनिक अधिकारी कोर एरिया में बसे गांवों में बैठक कर ग्रामीणों को नए नियमों, प्रतिबंधों और उल्लंघन पर होने वाली कानूनी कार्रवाई की जानकारी देंगे.
यह व्यवस्था लागू करना इसलिए चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि चारों रिजर्व के कोर एरिया में अब भी कई गांव बसे हैं. इन क्षेत्रों में रोजाना वाहनों की आवाजाही के साथ शादी, धार्मिक आयोजन और सामाजिक कार्यक्रम होते हैं.
गांवों के विस्थापन की प्रक्रिया अब भी अधूरी
अचानकमार टाइगर रिजर्व में पहले कोर एरिया के 25 वनग्राम बताए गए थे. पांच गांवों के विस्थापन के बाद भी करीब 19 गांव शेष हैं. केंद्र सरकार ने 13 दिसंबर 2021 को तीन गांवों के विस्थापन को सैद्धांतिक मंजूरी दी थी. इसके बाद 13 दिसंबर 2023 को 255.3 हेक्टेयर वनभूमि के उपयोग की अंतिम मंजूरी दी गई, लेकिन मैदानी स्तर पर पुनर्वास पूरा नहीं हुआ.
अचानकमार के अलावा उदंती-सीतानदी, तमोर-पिंगला और इंद्रावती टाइगर रिजर्व के कोर एरिया के गांवों का भी पूरी तरह विस्थापन नहीं हुआ है. ऐसे में नए ध्वनि-नियम वन्यजीव संरक्षण और ग्रामीणों की रोजमर्रा की गतिविधियों के बीच संतुलन की चुनौती बढ़ा सकते हैं.
