रायपुर. छत्तीसगढ़ में बुधवार, 16 सितंबर को कई महत्वपूर्ण राजनीतिक, प्रशासनिक और न्यायिक गतिविधियां प्रस्तावित हैं. केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचेंगी. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायपुर में ‘सेवा संकल्प युवा सम्मान’ कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके अलावा झीरम घाटी नक्सली हमले के मामले में दोषी ठहराए गए 10 आरोपियों को अदालत सजा सुनाएगी.
अन्नपूर्णा देवी का दो दिवसीय दौरा
अन्नपूर्णा देवी 16 और 17 सितंबर को छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगी. वह 16 सितंबर की रात रायपुर पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगी. 17 सितंबर को सुबह 11 बजे इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय सभागार में आयोजित ‘सशक्त नारी-समृद्ध परिवार अभियान एवं सेवा पखवाड़ा’ कार्यक्रम में शामिल होंगी. इसके बाद वह रायपुर के आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेंगी.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बुधवार रात रायपुर के सुंदर नगर स्थित सोनकर बाड़ी में होने वाले ‘सेवा संकल्प युवा सम्मान’ कार्यक्रम में शामिल होंगे. उनका कार्यक्रम रात 9 बजे से 10 बजे तक निर्धारित है.
झीरम मामले में सजा पर सुनवाई
झीरम घाटी नक्सली हमले के मामले में एनआईए की विशेष अदालत ने 5 सितंबर को सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया था. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, अदालत ने आरोपियों को हत्या और हत्या के प्रयास से जुड़ी धाराओं में दोषी माना. मामले में 27 लोगों की हत्या और 15 लोगों की हत्या के प्रयास से संबंधित आरोपों का उल्लेख है. अदालत 16 सितंबर को दोषियों की सजा पर फैसला सुनाएगी.
राज्य निर्वाचन आयुक्तों का सम्मेलन
नवा रायपुर में 16 और 17 सितंबर को 32वां अखिल भारतीय राज्य निर्वाचन आयुक्त सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है. छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग की मेजबानी में होने वाले सम्मेलन का उद्घाटन बुधवार सुबह 10:30 बजे राज्यपाल करेंगे. इसमें विभिन्न राज्यों के राज्य निर्वाचन आयुक्त शामिल होंगे. पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों में पारदर्शिता, स्थानीय लोकतंत्र को मजबूत करने और निर्वाचन प्रक्रिया की चुनौतियों पर चर्चा प्रस्तावित है.
कांग्रेस और NSUI के प्रदर्शन
कांग्रेस ने गुढ़ियारी थाने के घेराव का ऐलान किया है. पार्टी का आरोप है कि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने थाने में तोड़फोड़ की और थाना प्रभारी से धक्का-मुक्की की. प्रदर्शन दोपहर 12 बजे प्रस्तावित है और इसका नेतृत्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन करेंगे.
वहीं, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में प्रवेश के मुद्दे पर NSUI दोपहर 1 बजे प्रशासनिक भवन का घेराव करेगी. संगठन का आरोप है कि क्रेडिट स्कोर के नाम पर तीसरे और पांचवें सेमेस्टर में छात्रों को प्रवेश नहीं मिल रहा है. NSUI बिना शर्त दूसरे और तीसरे वर्ष में प्रवेश देने की मांग कर रही है.
रायपुर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के चलते मुख्य गेट नंबर-2 के सामने लगा विशाल तिरंगा करीब दो साल तक नजर नहीं आएगा. निर्माण पूरा होने के बाद इसे दोबारा स्थापित किए जाने की जानकारी दी गई है.
