छत्तीसगढ़ में शनिवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के बालोद दौरे, बीजेपी की स्थगित रैली, संविदा भर्ती परीक्षा और हॉकी लीग के सेमीफाइनल से जुड़े कार्यक्रम होंगे.
बालोद जाएंगे मुख्यमंत्री साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बालोद जिले के मचांद और भेण्ड्रा गांव जाएंगे. वह दिवंगत अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा को श्रद्धांजलि देंगे. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री दोपहर 1:10 बजे रायपुर से रवाना होंगे और 1:30 बजे बालोद के मचांद हेलीपेड पहुंचेंगे. इसके बाद दोपहर 1:40 से 3:30 बजे तक ग्राम भेण्ड्रा में रहेंगे और शाम करीब 4:15 बजे रायपुर स्थित मुख्यमंत्री आवास लौटेंगे.
डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का शुक्रवार को हैदराबाद के एक अस्पताल में निधन हुआ था. वह 78 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार थे. उनके पार्थिव शरीर को रायपुर एयरपोर्ट, भिलाई-3 स्थित शासकीय आवास और जवाहर नगर, दुर्ग में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा. इसके बाद पार्थिव देह उनके पैतृक गांव भेण्ड्रा ले जाई जाएगी. दोपहर 2 बजे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार निर्धारित है.
रायपुर की बीजेपी रैली 5 नवंबर को
कांग्रेस के खिलाफ रायपुर में शनिवार को प्रस्तावित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ रैली स्थगित कर दी गई है. अब यह रैली 5 नवंबर को आयोजित की जाएगी. इसमें केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के शामिल होने का कार्यक्रम था. विधायक कोर्सेवाड़ा के निधन और उनकी माता के निधन के कारण कार्यक्रम रद्द किए जाने की जानकारी दी गई है.
भर्ती परीक्षा और हॉकी लीग
स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में 1,812 संविदा पदों की भर्ती के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा 31 अक्टूबर से 4 नवंबर तक चलेगी. परीक्षा तीन पालियों में होगी. अभ्यर्थियों को केंद्र पर निर्धारित समय से 90 मिनट पहले पहुंचना होगा.
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में शनिवार को सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे. शाम 7:30 बजे बैलाडिला और मैनपाट के बीच दूसरा सेमीफाइनल प्रस्तावित है.
