छत्तीसगढ़ में 25 नवंबर को मुख्यमंत्री, कांग्रेस नेताओं और उपमुख्यमंत्री के कई कार्यक्रम प्रस्तावित हैं. रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंत्रालय स्थित महानदी भवन में समीक्षा बैठकों में शामिल होंगे. दोपहर 12:30 बजे से 2 बजे तक पारस पोर्टल की समीक्षा बैठक होगी. इसके बाद दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक उच्च शिक्षा तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की समीक्षा की जाएगी.

डिजिटल क्रिएटर्स को मिलेगा सम्मान

मुख्यमंत्री साय रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026 में शामिल होंगे. समारोह में यूट्यूबर्स, इंस्टाग्रामर्स और डिजिटल इन्फ्लुएंसर्स को सम्मानित किया जाएगा. आयोजकों के अनुसार, 16 मुख्य पुरस्कार और 46 उपश्रेणियों में सम्मान दिए जाएंगे. पुरस्कारों की कुल राशि 10 लाख रुपये से अधिक होगी. कार्यक्रम में नेशनल क्रिएटर्स अवॉर्ड के छह विजेता भी शामिल होंगे. डिजिटल क्रिएटर राज शमानी और आरजे शरत वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे.

कांग्रेस सह-प्रभारियों का रायपुर दौरा

छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नवनियुक्त सह-प्रभारी हरनाम सिंह और जितेंद्र बघेल दोपहर 3 बजे दिल्ली से रायपुर पहुंचेंगे. वे एयरपोर्ट से गांधी मैदान जाएंगे और संविधान रक्षा मार्च की तैयारियों का निरीक्षण करेंगे. दोनों नेता अगले दिन होने वाले मार्च में भी शामिल होंगे.

बलौदाबाजार में 220 पदों पर भर्ती

बलौदाबाजार जिला रोजगार कार्यालय परिसर में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक रोजगार मेला लगेगा. निजी कंपनियां 220 पदों पर भर्ती करेंगी. चयनित अभ्यर्थियों को 9,000 से 45,000 रुपये तक मासिक वेतन मिलने की जानकारी दी गई है. अधिक जानकारी के लिए 07727-299443 पर संपर्क किया जा सकता है.

उपमुख्यमंत्री अरुण साव बिलासपुर और मुंगेली जिले के दौरे पर रहेंगे. कार्यक्रम में रतनपुर स्थित मां महामाया देवी मंदिर में दर्शन, सामाजिक कार्यक्रम, नागरिक अभिनंदन, कश्यप समाज भवन का उद्घाटन तथा स्वास्थ्य शिविर और रक्तदान कार्यक्रम का निरीक्षण शामिल है.