रायपुर. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर जिले के दौरे पर रहेंगे. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह सुबह करीब 11:10 बजे रायपुर हेलीपैड से जशपुर के लिए रवाना होंगे. दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सोलर ऑन-ग्रिड पावर प्लांट का उद्घाटन करेंगे और सोहरई करम महोत्सव में शामिल होंगे.
मुख्यमंत्री ग्राम जोकारी में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे. इसके अलावा उनके सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होने का कार्यक्रम है.
रायपुर में छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस का आयोजन
रायपुर स्थित न्यू सर्किट हाउस के कन्वेंशन हॉल में छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस का राज्यस्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा. मुख्यमंत्री साय समारोह का शुभारंभ करेंगे. आयोजन में छत्तीसगढ़ी भाषा के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार से जुड़ी गतिविधियां होंगी.
कार्यक्रम के दौरान साहित्यिक सृजन को प्रोत्साहित करने वाली गतिविधियों के साथ 14 साहित्यिक कृतियों का विमोचन किया जाएगा. पांच साहित्यकारों को सम्मानित किए जाने की भी जानकारी है.
राष्ट्रीय एससी-एसटी हब कॉन्क्लेव
रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में राष्ट्रीय एससी-एसटी हब कॉन्क्लेव आयोजित होगा. केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी कार्यक्रम में शामिल होंगे और इसकी अध्यक्षता करेंगे. इसी दौरान राष्ट्रीय एससी-एसटी हब के नए कार्यालय का उद्घाटन प्रस्तावित है.
स्कूलों में ‘महतारी भाखा सम्मान सप्ताह’
प्रदेशभर के स्कूलों में आज से 5 दिसंबर तक ‘महतारी भाखा सम्मान सप्ताह’ मनाया जाएगा. इसके तहत छत्तीसगढ़ी और स्थानीय बोलियों के संरक्षण-संवर्धन के लिए निबंध, भाषण, वाद-विवाद और लोकगीत प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी.
