छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 4 नवंबर को जशपुर जिले के दौरे पर रहेंगे. तय कार्यक्रम के अनुसार वे दोपहर 12:35 बजे जशपुर पुलिस लाइन हेलीपेड पहुंचेंगे. इसके बाद 12:50 बजे ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ सभा और पदयात्रा में शामिल होंगे.
मुख्यमंत्री दोपहर 2:30 बजे पंडित रामचंद्र पौराणिक सामुदायिक भवन के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके बाद दोपहर 3 बजे हेलमेट बैंक का शुभारंभ करेंगे. शाम 3:30 बजे वे बनगांव में आयोजित आंचलिक करमा पूजा महोत्सव में शिरकत करेंगे. कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री अपने गृह ग्राम बगिया में रात्रि विश्राम करेंगे.
रायपुर में सौरभ चंद्राकर की पेशी
महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी एप मामले में सौरभ चंद्राकर को सीबीआई 4 नवंबर को रायपुर की विशेष अदालत में पेश करेगी. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने सीबीआई को चंद्राकर का दो दिन का ट्रांजिट रिमांड दिया है. रायपुर में एजेंसी अदालत से आगे की रिमांड मांग सकती है.
विधायक अनुज शर्मा के खिलाफ कांग्रेस का कार्यक्रम
विधायक अनुज शर्मा के कथित राजनीतिक बयानों को लेकर रायपुर ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी ने विरोध का ऐलान किया है. कांग्रेस धरसीवां ब्लॉक के छह मंडलों में शाम 4 बजे विधायक का पुतला दहन करेगी. पार्टी शासकीय श्यामाचरण कॉलेज धरसीवां के प्रभारी प्राचार्य केके शर्मा को निलंबित करने की मांग को लेकर ज्ञापन भी सौंपेगी.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज दोपहर 12:30 बजे राजीव भवन में पत्रकार वार्ता करेंगे.
