रायपुर. छत्तीसगढ़ में रविवार 27 सितंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दौरे, बैंकिंग सेवाओं और कांग्रेस संगठन से जुड़े कई कार्यक्रम होंगे. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कांकेर जिले के दौरे पर रहेंगे. वह अंतागढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुनेंगे. इसके बाद दोपहर 2:45 बजे रायपुर में प्रेसवार्ता करेंगे. शाम 6:40 बजे अशोक सिंघल की जन्म शताब्दी के उद्घाटन समारोह और रात 9:30 बजे विश्व पर्यटन दिवस समारोह में शामिल होने का कार्यक्रम है.
बैंक आज खुले रहेंगे
28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित बैंक हड़ताल से पहले रविवार को ग्राहकों की सुविधा के लिए देशभर में सार्वजनिक क्षेत्र, क्षेत्रीय ग्रामीण और कुछ चुनिंदा निजी बैंक खुले रहेंगे. बैंक सामान्य बैंकिंग समय के अनुसार काम करेंगे. बैंक यूनियनों के संयुक्त मंच UFBU ने पांच दिन का कार्य सप्ताह, प्रदर्शन से जुड़ी प्रोत्साहन योजना और लंबित मुद्दों के समाधान समेत बैंकिंग सुधारों पर द्विपक्षीय चर्चा की मांग को लेकर हड़ताल का ऐलान किया है.
कांग्रेस प्रभारी का दो दिवसीय दौरा
कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत रविवार को दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंचेंगे. दोपहर 2:25 बजे पहुंचने के बाद वह 3:30 बजे प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय जाएंगे. शाम 5:30 बजे राजीव भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस, 6:30 बजे राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक और रात 8 बजे कांग्रेस विधायकों के साथ बैठक निर्धारित है.
28 सितंबर को वह प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्यों, कनेक्ट सेंटर, फ्रंटल संगठनों और अनुशासन समिति की बैठकों में शामिल होंगे. दोपहर 2 बजे कांग्रेस के मार्च कार्यक्रम में भी भाग लेंगे.
बीएड-डीएलएड पंजीयन की अंतिम तारीख
राज्य के सरकारी और निजी शिक्षा महाविद्यालयों में बीएड और डीएलएड प्रवेश के दूसरे चरण के लिए पंजीयन और ऑनलाइन विकल्प फॉर्म 27 सितंबर तक जमा किए जा सकेंगे. दूसरे चरण की पहली सूची 1 अक्टूबर को जारी होगी और चयनित विद्यार्थियों को 1 से 6 अक्टूबर तक प्रवेश लेना होगा. लगभग 5,500 सीटें खाली होने की जानकारी दी गई है.
रायपुर पहुंचेगी बाइक रैली
बस्तर से करीब 300 बाइक सवार युवा 29 सितंबर को रायपुर में होने वाले लाभार्थी सम्मेलन में शामिल होंगे. रैली 27 सितंबर को विभिन्न जिलों से जगदलपुर पहुंचेगी और 28 सितंबर को कांकेर से रवाना होगी. रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में सम्मेलन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तावित है.
