छत्तीसगढ़ में रविवार, 29 नवंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कई कार्यक्रम प्रस्तावित हैं. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री जशपुर से अंबिकापुर जाएंगे और इसके बाद रायपुर लौटकर दो अन्य आयोजनों में शामिल होंगे.
सुबह 11 बजे अंबिकापुर के सरगांव वाटर पार्क ओपन थियेटर में मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ सुनेंगे. दोपहर 12:10 बजे वह पीजी कॉलेज मैदान में संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक के समापन समारोह में शामिल होंगे. इसके बाद दोपहर 2 बजे राजमोहिनी देवी भवन में आयोजित संभागीय कंवर समाज सम्मेलन और करमा तिहार कार्यक्रम में शिरकत करेंगे.
अंबिकापुर के कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री शाम 5 बजे रायपुर लौटेंगे. शाम 6 बजे एक निजी होटल में आयोजित CODECON कार्यक्रम और शाम 7:20 बजे एसबीआईएमएस, मोवा में ‘Tarang 2.0—State Youth Medical Fest 2026’ के उद्घाटन समारोह में शामिल होने का कार्यक्रम है.
854 व्याख्याता पदों के लिए लिखित परीक्षा
लोक शिक्षण संचालनालय के अंतर्गत व्याख्याता के 854 पदों पर भर्ती के लिए छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल रविवार को लिखित परीक्षा आयोजित करेगा. परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक होगी. अभ्यर्थियों को केंद्र पर कम से कम दो घंटे पहले पहुंचने और फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र साथ लाने का निर्देश दिया गया है. मूल पहचान पत्र के बिना प्रवेश नहीं दिया जाएगा.
परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा. दिशा-निर्देशों के अनुसार अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनने होंगे. गहरे रंग के कपड़ों पर रोक है. साधारण, बिना जेब वाला स्वेटर और चप्पल पहनने की अनुमति दी गई है. कान में किसी भी तरह के आभूषण ले जाना प्रतिबंधित है.
रायपुर में संविधान गौरव दिवस
रायपुर शहर जिला भाजपा के बैनर तले दोपहर 2:30 बजे दुर्गा महाविद्यालय के सभागार में संविधान गौरव दिवस आयोजित किया जाएगा. सांसद बृजमोहन अग्रवाल मुख्य अतिथि होंगे. सेवानिवृत्त न्यायाधीश डॉ. गौतम भादुड़ी और कुसुमताई दाबके विधि महाविद्यालय के प्राचार्य जाकिर अली मुख्य वक्ता होंगे.
कार्यक्रम में संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक परंपराओं और वर्तमान संदर्भ में इसकी प्रासंगिकता पर चर्चा होगी. इसके अलावा रायपुर में कीर्तन दरबार, लाइव बैंड प्रस्तुति, कुनबी समाज का परिचय सम्मेलन और सम्मान समारोह भी आयोजित किए जाएंगे.
छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ ने टी-20 के बाद 14 दिसंबर से शुरू होने वाली विजय हजारे ट्रॉफी के लिए भी 18 वर्ष से कम आयु के विकल्प तिवारी को राज्य टीम का कप्तान बनाया है.
