रायपुर और नवा रायपुर में 22 सितंबर को कई प्रमुख राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक गतिविधियां होंगी. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दोपहर 2:30 से 3:30 बजे तक नवा रायपुर में आयोजित तीज मिलन कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके बाद वे शाम 3:40 बजे मंत्रालय पहुंचेंगे और शाम 5:30 बजे सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री आवास लौटेंगे. शाम 6 से 7 बजे तक उनके साक्षात्कार कार्यक्रम में शामिल होने का कार्यक्रम है.

नवा रायपुर में तीज मिलन उत्सव

नवा रायपुर में दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक तीज मिलन उत्सव आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा के बंगले में होगा. विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह पत्नी वीणा सिंह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पत्नी कौशल्या साय के साथ इसमें शामिल होंगे. आयोजन में मंत्री, जनप्रतिनिधि और प्रदेशभर से महिलाएं शामिल होंगी. यहां छत्तीसगढ़ी व्यंजन, लोक-संस्कृति और तीजा पर्व से जुड़े आयोजन होंगे.

कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर का समापन

छत्तीसगढ़ कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्षों का तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम मंगलवार को पूरा होगा. बस्तर, दुर्ग, सरगुजा और बिलासपुर संभाग के बाद रायपुर संभाग के ब्लॉक अध्यक्षों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है. इसके साथ प्रदेश के सभी ब्लॉक अध्यक्षों का प्रशिक्षण पूरा होने की बात कही गई है.

बस हड़ताल स्थगित, मांस-मटन बिक्री पर रोक

छत्तीसगढ़ यातायात महासंघ ने 9 सूत्रीय मांगों को लेकर 22 सितंबर से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल स्थगित कर दी है. महासंघ के पदाधिकारियों की उपमुख्यमंत्री अरुण साव और परिवहन आयुक्त एस. प्रकाश से मुलाकात के बाद यह निर्णय लिया गया. महासंघ के अनुसार, 22 सितंबर को बसों का संचालन जारी रहेगा.

रायपुर नगर निगम सीमा में डोल ग्यारस, अनंत चतुर्दशी और पर्युषण पर्व के निर्धारित अवसरों पर मांस-मटन की बिक्री प्रतिबंधित रहेगी. उल्लंघन पर सामान जब्त करने और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.