रायपुर. छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर को कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित होंगे. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर रायगढ़ और जशपुर जिले के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे. इसी दिन प्रदेश में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी भी शुरू होगी.

मुख्यमंत्री सुबह 7:15 बजे रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास से रवाना होंगे और सुबह 8:25 बजे रायगढ़ जिले के चिरईपाली स्थित ओपी जिंदल एयरपोर्ट पहुंचेंगे. इसके बाद वे धरमजयगढ़ कॉलेज ग्राउंड जाएंगे. सुबह 10 बजे से 11:30 बजे तक धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल होने का कार्यक्रम है.

दोपहर में मुख्यमंत्री जशपुर जिले के ग्राम आरा पहुंचेंगे. यहां दोपहर 2 बजे आईटीआई आरा में प्रचेत नर्सिंग कौशल कॉलेज का शुभारंभ करेंगे. शाम को वे तपकरा रेस्ट हाउस जाएंगे और शाम 5 बजे छठ घाट पर आयोजित छठ महापर्व में शामिल होंगे. इसके बाद वे ग्राम बगिया स्थित अपने निवास पर रात्रि विश्राम करेंगे.

3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी

राज्य में 3100 धान उपार्जन केंद्रों पर खरीदी शुरू की जा रही है. सरकार ने 27.50 लाख से अधिक किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदने का लक्ष्य रखा है. प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदा जाएगा. इस वर्ष 360 नए खरीदी केंद्र भी शुरू किए जा रहे हैं.

छठ पूजा और संग्रहालयों में निशुल्क प्रवेश

रायपुर में महादेव घाट, व्यास तालाब सहित 50 से अधिक स्थानों पर छठ पूजा होगी. 15 नवंबर की शाम व्रती डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे, जबकि 16 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ पर्व का समापन होगा.

जनजातीय गौरव दिवस पर नवा रायपुर अटल नगर स्थित दोनों प्रमुख जनजातीय संग्रहालयों में 15 नवंबर को सभी लोगों के लिए प्रवेश निशुल्क रहेगा.