छत्तीसगढ़ में 13 नवंबर को कई महत्वपूर्ण राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक गतिविधियां प्रस्तावित हैं. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुंगेली जिले का दौरा करेंगे, जबकि रायपुर में सौरभ चंद्राकर की ED कोर्ट में पेशी और अलग-अलग विभागों की प्रेस कॉन्फ्रेंस होनी है.

मुंगेली में 465 करोड़ रुपये के कार्यों का कार्यक्रम

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दोपहर 12:30 बजे मुंगेली जिले के ग्राम कंतेली पहुंचेंगे. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मिनी स्टेडियम से वे 465 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन और शिलान्यास करेंगे.

इनमें 68 करोड़ 14 लाख रुपये की लागत वाले 24 कार्यों का लोकार्पण शामिल है. इसके अलावा 397 करोड़ 26 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास किया जाएगा. इसके बाद मुख्यमंत्री ग्राम डिंडोरी जाएंगे. वहां दोपहर 1:55 से 2:40 बजे तक उनका समय आरक्षित रखा गया है. उनके शाम 3:20 बजे रायपुर लौटने का कार्यक्रम है.

सौरभ चंद्राकर की ED कोर्ट में पेशी

महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर की ED कोर्ट में पेशी प्रस्तावित है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, जेल में बंद चंद्राकर को प्रोडक्शन वारंट पर रायपुर जेल से लाया जाएगा. CBI कोर्ट में आवेदन खारिज होने के बाद ED ने PMLA स्पेशल कोर्ट में आवेदन दिया था, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया.

भूपेश बघेल और कृषि विभाग की प्रेस कॉन्फ्रेंस

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दोपहर 1 बजे अपने रायपुर निवास से प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. इसमें जनजातीय गौरव दिवस, धान खरीदी और अन्य मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है.

कृषि मंत्री रामविचार नेताम और कृषि उत्पादन आयुक्त सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी दोपहर 12 बजे नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ संवाद के ऑडिटोरियम में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. इसमें कृषक उन्नति योजना, पीएम-आशा अभियान, गन्ना खरीदी और मिलेट्स से जुड़े विषयों पर जानकारी दी जा सकती है.

कर्मचारी प्रदर्शन और अन्य कार्यक्रम

पटवारियों पर कार्रवाई के विरोध में प्रदेश तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ सभी जिला मुख्यालयों पर भोजन अवकाश के दौरान प्रदर्शन करेगा. रायपुर में दोपहर 1:30 बजे कलेक्टर प्रांगण में प्रदर्शन और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम है.

नया रायपुर स्थित IIIT में 13 से 15 नवंबर तक ‘मेक इन सिलिकॉन 2026’ आयोजित होगा. वहीं, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के तहत इंटरकॉलेज तीरंदाजी प्रतियोगिता सुबह 11 बजे से होगी. इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में ‘वन नेशन-वन सब्सक्रिप्शन’ पर क्षेत्रीय प्रशिक्षण-सह-जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा.