रायपुर. छत्तीसगढ़ में 19 सितंबर को रोजगार मेले, मुख्यमंत्री के विभिन्न कार्यक्रम, झीरम मामले पर कांग्रेस की बैठक और राधाष्टमी आयोजन प्रमुख कार्यक्रमों में शामिल हैं.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर 12:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 20वें रोजगार मेले से जुड़ेंगे. इस दौरान देशभर के सरकारी विभागों और संगठनों में नियुक्त 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे और चयनित अभ्यर्थियों को संबोधित किया जाएगा. रायपुर का कार्यक्रम पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार, साइंस कॉलेज परिसर में होगा. केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे. यहां 125 अभ्यर्थी प्रत्यक्ष रूप से मौजूद रहेंगे.

मुख्यमंत्री का रायपुर और सरगुजा दौरा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह रायपुर में 4th Annual BMC छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव में शामिल होंगे. इसके बाद वे हेलीकॉप्टर से अंबिकापुर जाएंगे, जहां अग्र महाकुंभ 2026 कार्यक्रम में भाग लेंगे. शाम को मुख्यमंत्री सूरजपुर जिले के बिश्रामपुर जाएंगे और बिश्रामपुर रेलवे स्टेशन मुख्य मार्ग के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद रायपुर लौटेंगे.

छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में दोपहर 12:30 बजे झीरम मामले पर बैठक होगी. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में वरिष्ठ कांग्रेस नेता, झीरम शहीदों के परिजन और घटना में घायल लोग शामिल होंगे. बैठक में मामले की कानूनी बारीकियों और आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी.

रायपुर के इस्कॉन मंदिर और समता कॉलोनी स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में राधाष्टमी के अवसर पर विशेष आयोजन होंगे. इस्कॉन मंदिर में दोपहर 12:30 बजे छप्पन भोग, 1:30 बजे राजभोग आरती और दोपहर 2 बजे से महाप्रसाद वितरण होगा. शाम को संध्या आरती और रात में शयन आरती आयोजित की जाएगी.