छत्तीसगढ़ में शनिवार, 24 अक्टूबर 2026 को कई प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय महासमुंद और दुर्ग जिले के दौरे पर रहेंगे. वे सुबह 11:30 बजे महासमुंद के लिए रवाना होंगे और वहां रामचंडी दिवस-2026 कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके बाद मुख्यमंत्री दुर्ग जिले के अहिवारा जाएंगे. यहां बानबरद कॉलेज ग्राउंड में आयोजित पंडवानी महासम्मेलन में भाग लेने के साथ विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे.
रायपुर के गुढ़ियारी स्थित अवधपुरी मैदान में 24 से 28 अक्टूबर तक मां मातंगी दिव्यधाम जामगांव के पीठाधीश्वर डॉ. प्रेमासाईं महाराज का दिव्य दरबार आयोजित होगा. कार्यक्रम में प्रेत दरबार भी लगाया जाएगा. प्रारंभ में स्थानीय प्रशासन ने प्रेत दरबार की अनुमति नहीं दी थी, जिसके बाद इस मुद्दे पर विवाद और राजनीतिक बयानबाजी हुई. बाद में प्रशासन ने इसकी अनुमति दे दी.
भाजपा के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता और सांसद संतोष पांडेय दोपहर 12 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर, बोरियाकला में पत्रकार वार्ता करेंगे.
रायपुर में 24 अक्टूबर से 2 नवंबर तक आदि बाजार 2026 लगाया जाएगा. ट्राइफेड की ओर से आयोजित यह 10 दिवसीय प्रदर्शनी घड़ी चौक के पास कलेक्ट्रेट परिसर के टाउन हॉल में होगी. इसमें देशभर के जनजातीय कारीगर पारंपरिक शिल्प और उत्पाद प्रदर्शित करेंगे.
इस बीच, कोटवार एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ के आह्वान पर 16 हजार कोटवार चार सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं. वे नियमितीकरण और राजस्व विभाग में संविलयन की मांग कर रहे हैं. आईआईटी भिलाई का छठवां दीक्षांत समारोह भी शनिवार को होगा, जिसमें 313 छात्रों को डिग्रियां दी जाएंगी. समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. विजय कुमार सारस्वत होंगे.
