छत्तीसगढ़ में बुधवार, 7 अक्टूबर को कई राजनीतिक, रोजगार और प्रशासनिक गतिविधियां प्रस्तावित हैं. रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे, जबकि कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत बस्तर के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे.

रायपुर में सेवा ज्योति यात्रा की शुरुआत

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मंडपम में सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे. भाजपा की ओर से राज्य के सभी जिलों में यह यात्रा निकाले जाने की जानकारी दी गई है.

कार्यक्रम के तहत छत्तीसगढ़ के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में ज्योति कलश रथों का भ्रमण होगा. एलईडी मंचों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने से जुड़े संबोधन को कार्यकर्ता सुनेंगे.

सुखदेव भगत का बस्तर दौरा

कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत 7 अक्टूबर को बस्तर क्षेत्र के दौरे पर रहेंगे. कार्यक्रम के अनुसार वह सुबह 10 बजे रायपुर से कांकेर के लिए रवाना होंगे. दोपहर 1 बजे कांकेर में जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक और दोपहर 2 बजे ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ मार्च में शामिल होने का कार्यक्रम है. इसके बाद करीब 3 बजे वह कांकेर से जगदलपुर जाएंगे, जहां रात्रि विश्राम प्रस्तावित है. दौरे के दौरान बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात भी निर्धारित है.

रायपुर में दो दिवसीय रोजगार मेला

कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग की ओर से 7 और 8 अक्टूबर को रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा. आयोजकों को करीब 10 हजार युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है.

मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की वापसी के बीच अगले तीन दिनों में राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. वहीं मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों का प्रस्तावित दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरा अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिया गया है.