छत्तीसगढ़ में रविवार, 22 नवंबर को राजनीतिक, शैक्षणिक, साहित्यिक और खेल गतिविधियों से जुड़े कई प्रमुख कार्यक्रम होंगे. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायपुर और जशपुर जिले के दौरे पर रहेंगे. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचकर पार्टी नेताओं से मुलाकात करेंगे. इसके बाद धरसींवा में सेवा संवाद यात्रा में शामिल होंगे और दोपहर में जशपुर के लिए रवाना होंगे.

जशपुर जिले के ग्राम पमशाला में मुख्यमंत्री कीर्तन महोत्सव के समापन समारोह में शामिल होंगे. इस दौरान विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण भी प्रस्तावित है. शाम को वे ग्राम बगिया स्थित अपने निवास पहुंचेंगे, जहां रात्रि विश्राम का कार्यक्रम है.

धरसींवा के 144 गांवों तक पहुंचेगी यात्रा

धरसींवा विधानसभा क्षेत्र में 25 दिवसीय सेवा संवाद यात्रा की शुरुआत आज होगी. यात्रा के दौरान विधायक अनुज शर्मा विधानसभा क्षेत्र के लोगों से मुलाकात करेंगे. यह यात्रा 144 गांवों तक पहुंचाई जाएगी. आयोजकों के मुताबिक इसका उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को सीधे सुनना और उनके त्वरित निराकरण की दिशा में काम करना है.

BJYM की प्रदेश कार्यसमिति बैठक

भारतीय जनता युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय, कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आज और कल आयोजित होगी. बैठक में मुख्यमंत्री साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा के शामिल होने की जानकारी है. BJYM के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह और सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी बैठक में मौजूद रहेंगे. संगठनात्मक विषयों, आगामी कार्यक्रमों और कार्ययोजना पर चर्चा होगी.

डॉ. हेमांग जोशी के रात 9 बजे रायपुर पहुंचने का कार्यक्रम है. अगले दिन वे साइंस कॉलेज में खिलाड़ियों और अग्रसेन भवन में युवतियों से संवाद करेंगे.

नर्सिंग आवेदन का आज अंतिम मौका

छत्तीसगढ़ के नर्सिंग कॉलेजों में खाली 6,066 सीटों के लिए दूसरे और तीसरे चरण की संयुक्त मॉप-अप काउंसलिंग होगी. इच्छुक उम्मीदवार 22 नवंबर को दोपहर 2 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.

रायपुर के वृंदावन हॉल में 51वीं काव्य संध्या भी आयोजित होगी. 51 कवि रचनाओं का पाठ करेंगे और 21 कवियों-साहित्यकारों का सम्मान किया जाएगा. वहीं सप्रे शाला टेबल टेनिस हॉल में राज्य मास्टर्स रैंकिंग प्रतियोगिता होगी, जिसमें करीब 120 खिलाड़ी और अधिकारी भाग लेंगे.