छत्तीसगढ़ में 14 अक्टूबर को कई अहम गतिविधियां प्रस्तावित हैं. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जांजगीर-चांपा जिले के दौरे पर रहेंगे. इससे पहले वे दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक मंत्रालय में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक लेंगे.

इसके बाद मुख्यमंत्री शिवरीनारायण मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे और महानदी घाट पर आयोजित गंगा आरती में शामिल होंगे. शाम 6:30 बजे वे शिवरीनारायण महोत्सव में हिस्सा लेंगे. कार्यक्रमों के बाद रात 11 बजे रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास लौटने का कार्यक्रम है.

अनुकंपा नियुक्ति की मांग को लेकर प्रदर्शन

रायपुर में दिवंगत शिक्षाकर्मियों की विधवाएं अनुकंपा नियुक्ति की मांग को लेकर अंबेडकर चौक पर प्रदर्शन करेंगी. प्रदर्शन के दौरान वे भीख मांगकर सरकार का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकर्षित करने की कोशिश करेंगी.

प्रदर्शनकारियों की मांग है कि दिवंगत शिक्षाकर्मियों के शेष आश्रितों को नौकरी दी जाए और उनकी योग्यता के अनुसार अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की जाए. उनका कहना है कि आश्रित लंबे समय से नियुक्ति के लिए संघर्ष कर रहे हैं.

सुलह के बाद आरंग बंद वापस

आरंग में नवरात्रि प्रचार से जुड़े फ्लेक्स और बैनर कचरा वाहन में डाले जाने को लेकर उत्पन्न विवाद के बाद 14 अक्टूबर का बंद और चक्काजाम वापस ले लिया गया है. कैबिनेट मंत्री और स्थानीय विधायक गुरु खुशवंत साहेब की मौजूदगी में हुई बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने सर्व समाज और सार्वजनिक दुर्गोत्सव समिति से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी.

विवाद के बाद सर्व समाज और व्यापारी संघ ने बंद का आह्वान किया था. सुलह के बाद यह निर्णय रद्द कर दिया गया.

दुरंतो एक्सप्रेस की दोनों सेवाएं रद्द

रेलवे के निर्माण और तकनीकी कार्यों के कारण हावड़ा-सीएसएमटी दुरंतो एक्सप्रेस की दोनों दिशाओं की सेवाएं रद्द रहेंगी. 13 अक्टूबर को हावड़ा से रवाना होने वाली ट्रेन संख्या 12262 और 14 अक्टूबर को सीएसएमटी से रवाना होने वाली ट्रेन संख्या 12261 का परिचालन नहीं होगा.

मुंबई मंडल के कल्याण-इगतपुरी रेलखंड के कसारा यार्ड में तीसरी रेल लाइन के लिए ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक और चक्रधरपुर मंडल के बंडामुंडा स्टेशन पर नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य इसके कारण बताए गए हैं.

कृषि पाठ्यक्रम में दस्तावेज सत्यापन

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में बीएससी ऑनर्स कृषि की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए दस्तावेज सत्यापन 14 अक्टूबर से शुरू होगा. पीएटी उत्तीर्ण पंजीकृत अभ्यर्थियों का सत्यापन 14 अक्टूबर, राज्य के मूल निवासी कक्षा 12वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का 15 अक्टूबर और अन्य राज्यों के अभ्यर्थियों का 16 अक्टूबर को होगा. इसके बाद प्रावीण्य सूची, सीट आवंटन और शुल्क जमा करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.