छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सिंगापुर दौरे का आज दूसरा दिन है. सिंगापुर में आयोजित SING Forum 2026 में मुख्यमंत्री अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों और विकास की संभावनाओं को सामने रखेंगे. इस दौरान वे निवेशकों को प्रदेश की नई उद्योग नीति की जानकारी देंगे.

मुख्यमंत्री CEO राउंडटेबल में सिंगापुर के प्रमुख निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ निवेश और औद्योगिक संभावनाओं पर भी चर्चा करेंगे. दौरे का फोकस राज्य में निवेश और औद्योगिक गतिविधियों की संभावनाओं को सामने रखने पर है.

आज छत्तीसगढ़ SET परीक्षा

छत्तीसगढ़ राज्य पात्रता परीक्षा यानी SET का आयोजन आज दो पालियों में होगा. Paper-I सुबह 10 बजे से 11:15 बजे तक और Paper-II दोपहर 2 बजे से शाम 4:15 बजे तक आयोजित किया जाएगा.

परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड पर दर्ज परीक्षा केंद्र, जिला और शिफ्ट की समय-सारिणी ध्यान से जांचने की सलाह दी गई है.

रायपुर में भाजपा पदाधिकारियों की बैठक

रायपुर के बोरियाकला स्थित भाजपा मुख्यालय, कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक होगी. बैठक की अध्यक्षता प्रदेशाध्यक्ष किरणदेव करेंगे, जो वर्चुअल रूप से जुड़ेंगे. इसमें सेवा संकल्प अभियान की समीक्षा की जाएगी.

नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री संगठन कर्मवीर सिंह भी बैठक में शामिल होंगे. नियुक्ति के बाद यह उनका छत्तीसगढ़ का पहला दौरा है. निवर्तमान प्रदेश महामंत्री संगठन पवन साय और निवर्तमान क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल की मौजूदगी भी प्रस्तावित है.

रायपुर में अग्रथॉन 4.0

रायपुर में अग्रवाल समाज की ओर से अग्रथॉन 4.0 मैराथन का आयोजन किया गया. इसमें युवा-युवतियों के साथ वरिष्ठजन भी शामिल हुए. कार्यक्रम की शुरुआत तेलीबांधा तालाब से हुई और सुबह 7 बजे फ्लैग ऑफ किया गया. रायपुर कलेक्टर गौरव कुमार सिंह और बेमेतरा एसपी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे.