छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड राज्य के पर्यटन स्थलों को अधिक पर्यटक-केंद्रित बनाने के लिए ‘डेस्टिनेशन गैप असेसमेंट’ करा रहा है. इसके तहत बोर्ड के अधिकारी सामान्य पर्यटकों की तरह मौके पर जाएंगे और वहां उपलब्ध सुविधाओं तथा यात्रियों को होने वाली परेशानियों का प्रत्यक्ष आकलन करेंगे.
अधिकारी प्रत्येक पर्यटन स्थल पर करीब 45 मिनट बिताकर यह देखेंगे कि पर्यटक कहां उतरते हैं, वाहन कहां खड़े करते हैं, रास्ता खोजने में उन्हें कहां भ्रम होता है, वे कहां बैठते हैं और क्या खरीदते या खाते हैं. महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और दिव्यांग पर्यटकों के सामने आने वाली दिक्कतों पर भी ध्यान दिया जाएगा. यह भी देखा जाएगा कि पर्यटक केवल मुख्य आकर्षण देखकर लौट जाते हैं या स्थल पर रुकने की पर्याप्त सुविधाएं मौजूद हैं.
सुविधाओं की वास्तविक स्थिति दर्ज होगी
जांच के दौरान अधिकारी शौचालय का खुद इस्तेमाल करेंगे. पीने के पानी, पार्किंग, टिकट काउंटर, दुकानों पर UPI भुगतान और मोबाइल नेटवर्क की स्थिति भी परखी जाएगी. हर सुविधा को तीन श्रेणियों में दर्ज किया जाएगा—उपलब्ध नहीं, उपलब्ध और चालू, या उपलब्ध लेकिन अपर्याप्त अथवा बंद. सड़क की खराब स्थिति मिलने पर केवल सामान्य टिप्पणी नहीं होगी, बल्कि समस्या वाले हिस्से और उसकी लंबाई का विवरण दर्ज किया जाएगा.
हर पर्यटन स्थल पर कम से कम 10 वास्तविक पर्यटकों से बातचीत की जाएगी. बोर्ड के अनुसार, इस प्रक्रिया में नाम, मोबाइल नंबर या अन्य व्यक्तिगत जानकारी नहीं ली जाएगी. बातचीत का उद्देश्य यात्रियों से यह समझना होगा कि उनके अनुभव में सबसे पहले किस सुधार की जरूरत है.
अधिकारी रेस्टोरेंट, ढाबों और कैफे की उपलब्धता, स्थानीय भोजन, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों की बिक्री का भी आकलन करेंगे. छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के एमडी सौमिल रंजन चौबे के मुताबिक, लक्ष्य केवल रिपोर्ट तैयार करना नहीं, बल्कि ऐसी कमियों को प्राथमिकता से दूर करना है जिन्हें अगली यात्रा में पर्यटक वास्तविक रूप से महसूस कर सकें.
