छत्तीसगढ़ ने अहमदाबाद में आयोजित Travel and Tourism Fair (TTF) 2026 में अपनी पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया. 6 से 8 अगस्त तक गांधीनगर के महात्मा मंदिर कन्वेंशन एंड एग्जीबिशन सेंटर में हुए इस मेले में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के पवेलियन को ‘बेस्ट डिजाइन एंड डेकोरेशन अवार्ड ऑफ एक्सीलेंस’ मिला.
मेले में राज्य के 26 पंजीकृत पर्यटन साझेदारों ने भाग लिया. पवेलियन के जरिए छत्तीसगढ़ के प्राकृतिक स्थलों, लोक कला, संस्कृति, विरासत और उपलब्ध पर्यटन सुविधाओं की जानकारी यात्रा एजेंटों और पर्यटन कारोबार से जुड़े प्रतिनिधियों को दी गई.
आयोजन के दौरान राज्य के पर्यटन साझेदारों ने अलग-अलग क्षेत्रों से आए ट्रैवल एजेंटों और पर्यटन व्यवसायियों के साथ व्यावसायिक संपर्क स्थापित किए. कई नए यात्रा एजेंटों ने छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के साथ पंजीकरण में रुचि दिखाई.
बोर्ड के अनुसार, इन संपर्कों से राज्य के लिए नए भ्रमण पैकेज तैयार करने, पर्यटन उत्पादों की पहुंच बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर पर्यटन आधारित रोजगार एवं कारोबार के अवसर मजबूत करने में मदद मिल सकती है. पवेलियन में छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया था.
