केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल होगा. उन्होंने कहा कि नक्सलवाद का असर कम होने और शांति-सुरक्षा का माहौल बेहतर होने से प्रदेश में पर्यटन विकास की संभावनाएं बढ़ी हैं.

अमित शाह मंगलवार को नवा रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के समापन और राज्य अलंकरण समारोह को संबोधित कर रहे थे. कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की. इस दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में बेहतर काम करने वाली हस्तियों और संस्थाओं को राज्य अलंकरण सम्मान दिए गए. उन्होंने महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त भी जारी की.

बस्तर के पर्यटन स्थलों को नई पहचान

अमित शाह ने कहा कि चित्रकोट, तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, मां दंतेश्वरी मंदिर और बस्तर दशहरा को देश-विदेश के पर्यटकों के बीच नई पहचान मिल सकती है. उनके मुताबिक पर्यटन बढ़ने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बनेंगे. हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों को नए बाजार मिलने से गांवों और जनजातीय क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी.

उन्होंने छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, जनजातीय परंपराओं और प्राकृतिक सुंदरता को प्रदेश की बड़ी ताकत बताया. बस्तर की पारंपरिक वेशभूषा, खानपान, लोकनृत्य और हस्तशिल्प में पर्यटकों को आकर्षित करने की क्षमता है. उन्होंने बस्तर पंडुम और बस्तर ओलंपिक का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन जनजातीय संस्कृति, खेल प्रतिभाओं और पारंपरिक जीवनशैली को पहचान दे रहे हैं.

विकास और सुरक्षा पर जोर

अमित शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ नक्सलवाद के डर और हिंसा से बाहर निकलकर शांति, विकास और खुशहाली की ओर बढ़ रहा है. उन्होंने दावा किया कि अगले 10 वर्षों में प्रदेश की धरती के साथ यहां के लोग भी समृद्ध होंगे.

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि वर्ष 2000 में छत्तीसगढ़ का गठन उनकी दूरदर्शी सोच का परिणाम था.