छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली ट्रेनों में गंदे कोच, बदबूदार टॉयलेट, चोक वॉश बेसिन और खानपान से जुड़ी शिकायतें यात्रियों की परेशानी बढ़ा रही हैं. रेलवे के ‘रेल मदद’ ऐप पर जनवरी से अक्टूबर 2026 के बीच रायपुर रेल मंडल में सफाई और खानपान से संबंधित 1,231 शिकायतें दर्ज हुईं.
इनमें 1,084 शिकायतें कोच की गंदगी और बदबूदार शौचालयों से जुड़ी थीं, जो कुल शिकायतों का करीब 88% है. खानपान की गुणवत्ता और अधिक कीमत वसूली को लेकर 147 शिकायतें दर्ज की गईं. कोच की सफाई से जुड़ी शिकायतें जून में 130, जुलाई में 127 और अगस्त में सबसे अधिक 142 रहीं. खानपान से जुड़ी शिकायतें अप्रैल में 26 और मई में 23 तक पहुंचीं.
सुरक्षा से जुड़ी 5,189 शिकायतें
उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, इसी अवधि में रेल मदद ऐप पर कुल 17,846 शिकायतें दर्ज हुईं. इनमें 5,189 शिकायतें सुरक्षा से संबंधित थीं. यह संख्या सफाई और खानपान की संयुक्त शिकायतों से चार गुना से अधिक है. उपलब्ध जानकारी में इन शिकायतों के निपटारे और जिम्मेदार एजेंसियों पर हुई कार्रवाई का अलग विवरण नहीं दिया गया है.
रायपुर मंडल के सीनियर डीसीएम सुस्कर विपुल विलासराव ने कहा कि रेल मदद ऐप पर यात्री सुरक्षा, खानपान और सफाई से संबंधित शिकायतें दर्ज कराते हैं और उनका तत्काल निराकरण किया जाता है.
बिलासपुर क्षेत्र की 312 ट्रेनों में 4,255 शिकायतें
जनवरी से अक्टूबर 2026 के बीच बिलासपुर रेल क्षेत्र की 312 ट्रेनों से सफाई संबंधी 4,255 शिकायतें दर्ज हुईं. अमृतसर-बिलासपुर एक्सप्रेस और कोरबा-अमृतसर एक्सप्रेस में 325-325 शिकायतें सबसे अधिक रहीं. बिलासपुर-इंदौर नर्मदा एक्सप्रेस में 256, बिलासपुर-बीकानेर सुपरफास्ट में 120 और इंदौर-बिलासपुर नर्मदा एक्सप्रेस में 113 शिकायतें दर्ज की गईं.
शिकायतों में स्लीपर और एसी कोचों के टॉयलेट, वॉश बेसिन और दरवाजों की कुंडियों पर गंदगी के अलावा टॉयलेट चोक होने की समस्या का उल्लेख है.
रेलवे ने ट्रेनों की सफाई और लिनेन सेवाओं के लिए अगले दो वर्षों में 25.99 करोड़ रुपये खर्च का प्रावधान किया है. क्रिस्टल इंटीग्रेटेड सर्विसेज लिमिटेड को 24 महीने का ठेका दिया गया है, जिस पर औसतन 1.08 करोड़ रुपये प्रतिमाह खर्च होना है. अनुबंध में एसी कोच सफाई के लिए 6.33 लाख घंटे, नॉन-एसी कोच के लिए 7.79 लाख घंटे और लिनेन सेवाओं के लिए 11.17 लाख घंटे निर्धारित हैं.
बिलासपुर मंडल के सीनियर डीसीएम अनुराग सिंह के अनुसार, ट्रेनों में स्वच्छता व्यवस्था की नियमित निगरानी हो रही है और पिछले वर्ष की तुलना में शिकायतों में कमी आई है. उन्होंने आगे भी शिकायतें घटाने के लिए सुधारात्मक कदम जारी रहने की बात कही.
