छत्तीसगढ़ परिवहन विभाग ने परिवहन उप निरीक्षक (SI) के पदों पर भर्ती और पदोन्नति से जुड़े नियमों में बदलाव किया है. संशोधित व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है. इसके तहत विभाग के कुल 74 स्वीकृत पदों को तीन अलग-अलग माध्यमों से भरने का प्रावधान किया गया है.
नए नियमों के अनुसार 50 प्रतिशत पद सीधी भर्ती से भरे जाएंगे. इस हिस्से की भर्ती प्रक्रिया छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) के माध्यम से होगी. 35 प्रतिशत पद विभागीय कर्मचारियों की पदोन्नति के जरिए भरे जाएंगे, जबकि शेष 15 प्रतिशत पद सीमित प्रतियोगिता परीक्षा से भरे जाएंगे.
74 पदों का नया बंटवारा
कुल पदों के हिसाब से करीब 37 पद सीधी भर्ती, 26 पद पदोन्नति और 11 पद सीमित प्रतियोगिता परीक्षा के हिस्से में आएंगे. इस व्यवस्था से बाहरी अभ्यर्थियों और विभागीय कर्मचारियों के लिए भर्ती के अलग-अलग रास्ते तय हो गए हैं.
सीमित प्रतियोगिता परीक्षा के नियमों में सबसे बड़ा बदलाव पात्रता को लेकर किया गया है. अब इस परीक्षा में परिवहन विभाग के लिपिक वर्गीय कर्मचारी ही शामिल हो सकेंगे. कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल वर्ग के कर्मचारियों को इस अवसर से बाहर कर दिया गया है. पहले के प्रावधानों में इन वर्गों के कर्मचारियों को भी सीमित परीक्षा में शामिल होने का विकल्प था.
लिपिक कर्मचारियों के लिए 10 साल की सेवा जरूरी
सीमित प्रतियोगिता परीक्षा में शामिल होने के लिए लिपिक वर्गीय कर्मचारियों को छत्तीसगढ़ तृतीय श्रेणी परिवहन सेवा भर्ती नियम, 2013 में तय शर्तें पूरी करनी होंगी. कर्मचारी की परिवीक्षा अवधि पूरी होना अनिवार्य है. इसके अलावा कम से कम 10 साल की नियमित सेवा भी जरूरी होगी. यह सेवा स्थायी या स्थानापन्न हैसियत में की गई होनी चाहिए.
