छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की प्रक्रिया के तहत राज्यभर में जनसंवाद और ऑनलाइन सुझाव जुटाए जा रहे हैं. सुप्रीम कोर्ट की सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता वाली पांच सदस्यीय समिति इस प्रक्रिया का नेतृत्व कर रही है.

समिति की संभागीय बैठक 30 अक्टूबर को बिलासपुर के पंडित देवकी नंदन दीक्षित सभा भवन, लाल बहादूर शास्त्री स्कूल में होगी. बैठक में संभाग के प्रबुद्ध नागरिक UCC से जुड़े प्रावधानों और उनके संभावित प्रभावों पर अपनी राय रखेंगे.

किन विषयों पर विचार हो रहा है

प्रस्तावित समान नागरिक संहिता के तहत विवाह, तलाक, भरण-पोषण, उत्तराधिकार और लिव-इन संबंधों जैसे मामलों में सभी नागरिकों के लिए समान कानूनी प्रावधानों की व्यवहारिकता पर विचार किया जा रहा है. समिति ने कहा है कि प्रस्तावित संहिता का धार्मिक आस्था, पूजा-पद्धति या रीति-रिवाजों से संबंध नहीं होगा.

प्रक्रिया में लैंगिक समानता से जुड़े मुद्दे भी शामिल हैं. इनमें सभी धर्मों की बेटियों को पैतृक संपत्ति में समान अधिकार, बहुविवाह पर रोक और महिलाओं के लिए सम्मानजनक भरण-पोषण जैसे विषयों पर विचार किया जाना है.

जनजातीय परंपराओं पर विशेष चर्चा

छत्तीसगढ़ में जनजातीय समुदायों की पारंपरिक और रूढ़िगत व्यवस्थाएं सामाजिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं. समिति यह भी देख रही है कि UCC का इन व्यवस्थाओं पर क्या प्रभाव पड़ेगा और जनजातीय समुदायों को किसी विशेष संरक्षण या छूट की आवश्यकता होगी या नहीं.

समिति उत्तराखंड, गुजरात और मध्य प्रदेश में UCC से जुड़े कदमों का अध्ययन कर रही है. सभी संभागों से सुझाव मिलने के बाद समिति राज्य कैबिनेट को मसौदा सौंपेगी. कैबिनेट की मंजूरी के बाद इसे विधेयक के रूप में विधानसभा में पेश किया जा सकेगा. फिलहाल समिति सुझाव और अध्ययन के चरण में है.