छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने से पहले राज्य स्तर पर गठित उच्च स्तरीय समिति की दो दिवसीय परामर्श बैठक संपन्न हुई. 10 सितंबर से आयोजित बैठक में विवाह और तलाक, उत्तराधिकार एवं विरासत, भरण-पोषण तथा लिव-इन रिलेशनशिप जैसे मुद्दों पर विभिन्न सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और राज्य आयोगों के प्रमुखों से सुझाव लिए गए.

पुराने सर्किट हाउस के सभाकक्ष में हुई बैठक की अध्यक्षता भारतीय प्रशासनिक सेवा के पूर्व वरिष्ठ अधिकारी और समिति के सदस्य एम. के. राउत ने की. बैठक में समिति के सदस्य और वरिष्ठ अधिवक्ता मोहन पवार भी मौजूद रहे. प्रतिभागियों को प्रस्तुतीकरण के माध्यम से समान नागरिक संहिता से जुड़े मौजूदा नियमों और कानूनों की जानकारी दी गई.

आदिवासी परंपराओं और अधिकारों पर जोर

गोंडी धर्म संस्कृति संरक्षण समिति के प्रांतीय सचिव गजानंद नुरूटी ने आदिवासी समाज की रूढ़िगत परंपराओं और विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान का हवाला देते हुए समुदाय को UCC के दायरे से बाहर रखने का अनुरोध किया. उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की मौलिक पहचान और अधिकारों की सुरक्षा जरूरी है.

राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा ने लैंगिक समानता से जुड़े प्रावधानों पर जोर दिया. उन्होंने महिला और पुरुष को समान अधिकार देने, बेटियों और बेटों को संपत्ति में बराबर उत्तराधिकार देने तथा विवाह और तलाक का अनिवार्य पंजीकरण कराने का सुझाव दिया. उन्होंने संपत्ति और वसीयत से जुड़े स्पष्ट कानूनी प्रावधान बनाने की भी बात रखी.

क्रिश्चियन समाज के प्रतिनिधि राजेश जॉन पाल ने विवाह को धार्मिक रूप से अटूट संबंध बताते हुए लिव-इन संबंधों को सामाजिक स्वीकृति नहीं मिलने की राय रखी. राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्मा ने बच्चों के अधिकारों और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े पहलुओं पर सुझाव दिए.

अधिवक्ता संघ, अधिवक्ता परिषद, कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज और मेडिकल एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने भी UCC के प्रावधानों को स्पष्ट, पारदर्शी और प्रभावी बनाने से जुड़े विचार समिति के सामने रखे. समिति ने कहा कि सभी सुझावों का विश्लेषण कर समावेशी, संतुलित और निष्पक्ष मसौदा तैयार करने की दिशा में काम किया जाएगा.