रायपुर में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के संभावित क्रियान्वयन और कानूनी ढांचे पर हुई परामर्श बैठक में आदिवासी प्रतिनिधियों ने समुदाय को प्रस्तावित संहिता के दायरे से बाहर रखने की मांग की. उनका कहना था कि आदिवासी समाज की रूढ़िगत परंपराएं, रीति-रिवाज और सामाजिक व्यवस्थाएं लंबे समय से प्रथागत कानूनों के आधार पर संचालित होती रही हैं.
राज्य स्तरीय उच्च स्तरीय समिति की यह बैठक पुराने सर्किट हाउस में हुई. प्रतिनिधियों ने कहा कि समान नियम लागू होने से आदिवासी समुदाय की मौलिक पहचान और संवैधानिक सुरक्षा प्रभावित हो सकती है. उन्होंने संभावित मसौदे में जनजातीय समाज की विशिष्ट संस्कृति, जल-जंगल-जमीन से जुड़े अधिकारों और सामाजिक ताने-बाने को सुरक्षित रखने का आग्रह किया.
किन मुद्दों पर हुई चर्चा
बैठक में विवाह, तलाक, उत्तराधिकार, विरासत, भरण-पोषण और लिव-इन संबंधों से जुड़े नियमों पर राय ली गई. विवाह पंजीयन की अनिवार्यता और पैतृक संपत्ति में समान उत्तराधिकार जैसे विषय भी चर्चा में रहे. रानी दुर्गावती जागृति महिला मंडल की महिला प्रतिनिधियों ने आदिवासी समाज की वैवाहिक व्यवस्था, संपत्ति विभाजन और प्रथागत परंपराओं से जुड़े पक्ष समिति के सामने रखे.
दूसरे सत्र में मुस्लिम, ईसाई, बौद्ध, गोंडवाना और सतनामी समाज के प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार साझा किए. उन्होंने अपने-अपने व्यक्तिगत कानूनों और वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों के व्यावहारिक पहलुओं से समिति को अवगत कराया.
समिति के वरिष्ठ सदस्य एवं पूर्व आईएएस अधिकारी एम.के. राउत, वरिष्ठ अधिवक्ता मोहन पवार और ज्योतिरानी सिंह ने सुझाव सुने. बैठक में तकनीकी प्रस्तुतीकरण के जरिए यूसीसी के संभावित कानूनी प्रावधानों और मौजूदा कानूनों की जानकारी दी गई. समिति ने कहा कि सुझावों और आपत्तियों का कानूनी विश्लेषण कर समावेशी मसौदा तैयार करने पर विचार किया जाएगा.
