रायपुर. छत्तीसगढ़ के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने 31 अक्टूबर 2026 को 100 अधिकारियों-कर्मचारियों के तबादले किए. विभागीय आदेश के अनुसार, स्थानांतरण सूची में 53 मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) और 24 अभियंता शामिल हैं.

इसके अलावा पांच लेखापाल, चार स्वास्थ्य निरीक्षक, चार भृत्य, तीन कैशियर और तीन सहायक ग्रेड-3 का भी तबादला किया गया है. सूची में एक-एक स्टेनोग्राफर, सहायक राजस्व निरीक्षक, कंप्यूटर ऑपरेटर और वाहन चालक का स्थानांतरण भी शामिल है.

आदेश के तहत विकास पाटले, विष्णु प्रसाद यादव और जफर खान को निलंबन से बहाल किया गया है. तीनों के खिलाफ विभागीय जांच जारी रहेगी. बहाली के बाद विकास पाटले को दल्ली राजहरा नगर पालिका, विष्णु प्रसाद यादव को वाड्रफनगर नगर पंचायत और जफर खान को बिलाईगढ़ नगर पंचायत में मुख्य नगर पालिका अधिकारी के पद पर पदस्थ किया गया है.

विभाग ने आदेश में स्पष्ट किया है कि इन अधिकारियों के खिलाफ चल रही जांच समाप्त नहीं हुई है. निलंबन अवधि से जुड़े मामलों का अलग से निराकरण विभागीय जांच के गुण-दोष के आधार पर किया जाएगा. तबादलों से नगरीय निकायों में प्रशासनिक जिम्मेदारियों में बदलाव होगा.