छत्तीसगढ़ में विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन ग्रामीण (वीबी-जीरामजी) के तहत अनुमेय कार्यों की संख्या 318 से बढ़ाकर 375 कर दी गई है. राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में इस मिशन के लिए 4,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है.
मिशन के तहत अकुशल श्रमिकों की दैनिक मजदूरी 261 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये कर दी गई है. केंद्र सरकार की ओर से छत्तीसगढ़ के लिए 3,354.85 करोड़ रुपये का अंतरिम आवंटन किए जाने की जानकारी भी दी गई है.
चार श्रेणियों में बांटे गए काम
वीबी-जीरामजी के 375 कार्यों को चार मुख्य श्रेणियों और 30 उप-श्रेणियों में बांटा गया है. इनमें 68 तरह के व्यक्तिगत कार्य, 99 तरह के मरम्मत और रखरखाव के काम तथा समूह और सामुदायिक उपयोग से जुड़े कार्य शामिल हैं. राज्य में क्यूआर कोड जारी किया गया है, जिसके जरिए ग्रामीणों को अनुमेय कार्यों की जानकारी मिल सकेगी.
पहली श्रेणी में जल संरक्षण और जल सुरक्षा से जुड़े काम हैं. इनमें चेकडैम, तालाबों का पुनर्जीवन, रिचार्ज पिट, सिंचाई कुएं, माइक्रो और ड्रिप सिंचाई चैनल, वनीकरण, पौधरोपण तथा रूफटॉप वर्षा जल संचयन शामिल हैं. 10 हजार से अधिक बंद और डिफंक्ट बोरवेल में सैंड फिल्टर और रिचार्ज स्ट्रक्चर बनाने की योजना भी बताई गई है.
ग्रामीण अधोसंरचना की श्रेणी में सड़क, पुलिया, पंचायत भवन, आंगनबाड़ी केंद्र, स्कूलों की मरम्मत, अतिरिक्त कमरे, प्रयोगशाला, रसोई शेड, बाउंड्री वॉल और खेल मैदान जैसे कार्य किए जा सकेंगे. प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण और जल जीवन मिशन की संपत्तियों की मरम्मत भी इसके दायरे में है.
स्कूलों और सामुदायिक सुविधाओं पर जोर
‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान के तहत 26 जनवरी 2027 तक ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों में 6,671 बालिका शौचालय बनाने का लक्ष्य रखा गया है. इसके अलावा 6,524 गांवों में प्रतीक्षालय सहित मुक्तिधाम बनाए जा रहे हैं.
आजीविका संबंधी कार्यों में स्वयं सहायता समूहों के लिए वर्कशेड, ग्रामीण हाट, भंडारण, कोल्ड स्टोरेज, वर्मी कम्पोस्ट, डेयरी, पशु आश्रय, मत्स्य पालन, नर्सरी और कृषि व वन उत्पाद प्रसंस्करण से जुड़ी अधोसंरचना शामिल है.
चौथी श्रेणी में बाढ़ और अन्य आपदाओं से निपटने के लिए आश्रय, तटबंध, रिटेनिंग वॉल, बाढ़ सुरक्षा दीवार, सड़क और सामुदायिक संपत्तियों का पुनर्स्थापन तथा वन अग्नि प्रबंधन के काम रखे गए हैं. राज्य के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि मिशन का उद्देश्य रोजगार के साथ टिकाऊ ग्रामीण परिसंपत्तियों और गांवों की आर्थिक क्षमता को मजबूत करना है.
