छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची से छूटे पात्र लोगों और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा. भारत निर्वाचन आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल करने के लिए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं.
अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (BLO) मौजूदा मतदाता सूची का प्री-SIR सूची से मिलान करेंगे. इस प्रक्रिया में ऐसे मतदाताओं की पहचान की जाएगी, जिनका नाम पहले की सूची में था, लेकिन वर्तमान सूची में नहीं है. इसके बाद BLO घर-घर जाकर संबंधित लोगों की स्थिति का सत्यापन करेंगे. पात्र पाए जाने पर फॉर्म-6 के जरिए नाम दोबारा मतदाता सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
नए मतदाताओं की भी पहचान
घर-घर सत्यापन के दौरान 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके उन युवाओं की भी पहचान की जाएगी, जिनका नाम अब तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हुआ है. पहली बार मतदान करने वाले युवाओं से भी फॉर्म-6 भरवाया जाएगा. आयोग के अनुसार मतदाता पंजीकरण सतत प्रक्रिया है और पात्र व्यक्ति नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं.
BLO को हर सप्ताह कम से कम 20 से 25 ऐसे मतदाताओं तक पहुंचने और करीब एक महीने में प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य दिया गया है. बूथवार तैयार सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ साझा की जाएगी.
बूथ स्तर पर विशेष कैंप भी लगाए जाएंगे. रैन बसेरों, मजदूर कॉलोनियों, बेघर और वंचित लोगों के नाम जोड़ने पर विशेष ध्यान रहेगा. अभियान का प्रचार स्वीप गतिविधियों के जरिए किया जाएगा, जबकि CEO, DEO और ERO इसकी नियमित समीक्षा करेंगे.
