छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने के लिए एक महीने का विशेष अभियान शुरू किया गया है. अभियान में पहली बार मतदान करने वाले युवाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. 17 साल से अधिक उम्र के युवा फॉर्म-6 भरकर मतदाता पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकेंगे.
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि यह अभियान भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चलाया जा रहा है. उन्होंने 18 साल की उम्र पूरी कर चुके सभी पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की.
मतदान केंद्रों और संस्थानों में लगेंगे शिविर
अभियान के तहत हर सप्ताह बुधवार और गुरुवार को मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे. शुक्रवार और शनिवार को स्कूल-कॉलेजों में पंजीकरण अभियान चलेगा. आईटीआई, हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूल और उच्च शिक्षण संस्थानों में भी शिविर लगाए जाएंगे.
शैक्षणिक संस्थानों में बने इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के जरिए युवाओं को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी.
हटाए गए नामों का भी सत्यापन
अलग-अलग कारणों से मतदाता सूची से हटाए गए नामों का दोबारा सत्यापन भी अभियान में शामिल है. बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को फॉर्म-6 भरवाने, क्षेत्र के मतदाताओं का सत्यापन करने और रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं. निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मतदाता सूची की जानकारी राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ साझा करेंगे.
नागरिक ECINET मोबाइल ऐप और voters.eci.gov.in के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. ऑफलाइन आवेदन के लिए मतदान केंद्र के BLO को फॉर्म-6 दिया जा सकता है. सहायता के लिए ECINET पर ‘Book a Call with BLO’ सुविधा और 1950 हेल्पलाइन उपलब्ध है.
